July 23, 2026
वर्ल्ड

Netanyahu को गिरफ्तार करने की अपील ट्रंप से कर रहे ममदानी

सितंबर में न्यूयॉर्क में आने पर उन्हें पकड़ लिया जाए- ममदानी ने दोहराया चुनाव अभियान वाला बयान

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी चाहते हैं कि नेतन्याहू जैसे ही शहर पहुंचें उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। ममदानी ने इसके लिए कई दौर की चर्चाएं करने के बाद ट्रंप से कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि जब सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के लिए न्यूयॉर्क पर उतरें वैसे ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के वारंट के आधार पर पकड़ लिया जाए। ट्रंप ने सीधे तो ममदानी को कोई जवाब नहीं दिया लेकिन यह बता दिया कि वे नेतन्याहू को लेकर ऐसा कतई नहीं सोचते और ऐसी किसी गिरफ्तारी की संभावना नहीं बनती है। ममदानी बार बार इजराइली प्रधानमंत्री को युद्ध अपराधी बताते हैं और इस बार तो उन्होंने यह भी कह दिया है कि नेतन्याहू का न्यूयॉर्क में स्वागत नहीं है। ममदानी का कहना है कि मेयर के पास वारंट के लिए कानूनी अधिकार नहीं है लेकिन ट्रंप सरकार के पास ऐसे अधिकार हैं इसलिए हम चाहते हैं कि वे इस अधिकार का उपयोग करें और नेतन्याहू को अमेरिका में पकड़ लिया जाए। मेयर चुनाव अभियान में ममदानी ने कहा था कि वे नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का आदेश देने की कोशिश करेंगे। अब उन्होंने कहा कि सभी विकल्पों की समीक्षा के बाद हमें पता चला है कि शहर गिरफ्तारी वारंट को निष्पादित नहीं कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के दूत डैनी डैनन ने ममदानी को कहा है कि आपको न्यूयॉर्क ने सेवा के लिए चुना है, न कि हमास के दुष्प्रचार के लिए। अपना काम कीजिए!