April 29, 2026
देश दुनिया

Exit Polls भी पश्चिम बंगाल को लेकर हुए कंफ्यूज

असम में हिमंता की शानदार वापसी के संकेत साफ, कांग्रेस को सिर्फ केरल से उम्मीद

पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर चल रहा मतदान खत्म हो जाने के बाद अब इन राज्यों पर कयास का दौर जारी है क्योंकि नतीजे 4 मई को आने हैं और तब तक जीत के दावे और संभावनाओं पर ही बात होगी। अलग अलग एक्जिट पोल्स में भले सीटों को लेकर सही आंकड़ा सामने न आए लेकिन बढ़त वाली पार्टी को लेकर ये पोल एकमत हैं और पश्चिम बंगाल ही इस मामले में अवाद है। दरअसल ममता बनर्जी बनी रहेंगी या उनकी सत्ता से विदाई हो जाएगी इस बात पर अलग अलग आंकड़े रखे गए हैं। जहां प्रजा पोल भाजपा को अधिकतम 208 सीटों तक पहुंचने की उममीद जता रहा है वहीं जनमत पोल का मानना है कि तृणमूल कांग्रेस 205 सीटें भी ला सकती है। वहीं जनमत पोल के मुताबिक भाजपा अस्सी सीटों पर भी सिमट सकती है जबकि प्रजा पोल का कहना है कि तृणमूल के लिए न्यूनतम आंकड़ा 85 भी हो सकता है। इसी से समझा जा सकता है कि पश्चिम बंगाल को लेकर दुविधा की स्थिति बनी हुई है और दो चरणों में 92 प्रतिशत मतदान को लेकर भी यह साफ नहीं है कि इससे किसे ज्यादा फायदा है। ममता की सत्ता जाने की बात आठ में से छह पोल में कही गई है जबकि दो में तृणमूल की वापसी दिखाई जा रही है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के 10 में से छह सर्वे सत्ताधारी द्रमुक की वापसी जता रहे हैं। हालांकि जेवीसी और वोट वाइब जैसे पोल में एनडीए को स्पष्ट बहुमत बताया गया है। वहीं सभी ने टीवीके को किंगमेकर की तरह रखा है। असम और पुदुचेरी में भाजपा के नेतृत्व में सरकार फिर बनने की बात लगभग हर पोल में कही जा रही है। असम में तो 126 सीटों को लेकर 11 पोल में किसी ने भी हिमंता के नेतृत्व को 80 से कम सीटें नहीं दी हैं जबकि एक दो सर्वे में तो ये आंकड़ा 100 या 101 तक भी बताया जा रहा है।