Aam Aadmi Party के सांसदों वाला मामला राष्ट्रपति के पास पहुंचा
पहले आप से निकले सांसदों ने राष्ट्रपति से भेंट की फिर भगवंत मान अपने विधायकों के साथ मुर्मू से मिले
इधर जब पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की चर्चा ही जोरों पर है, जब ममता की हार विजय की जीत और केरल से वाम के बाहर होने या हिमंता की जोरदार वापसी की बात चल रही है उस समय आप और पंजाब की राजनीति का एक अलग ही एपीसोड चल रहा है। दरअसल जिन सात सांसदों ने आम आदमी पार्टी से किनारा कर लिया है वो राष्ट्रपति के पास पहुंचे और उन्हें बताया कि कैसे केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप पार्टी भ्रष्टाचारियों के हाथों में है। राघव चड्ढा ने द्रौपदी मुर्मू को बताया कि पंजाब सरकार मशीनरी का दुरुपयोग हमारे खिलाफ कर रही है और बदले की भावना से कार्रवाई करते हुए हमें और हमारी छवि को निशाना बनाया जा रहा है। उधर ये राघव, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, राजेंद्र गुप्ता वगैरह राष्ट्रपति से निकले और इधर से पंजाब के सीएम भगवंत मान बस में भरकर अपने साथियों सहित राष्ट्रपति भवन पहुंच गए और उन्होंने इन सातों सांसदों की शिकायत करते हुए तर्क रखा कि जिस भाजपा के पंजाब के दो विधायक हैं, उस पार्टी के छह राज्यसभा सांसद कैसे हो सकते हैं। मान ने कहा कि इन सांसदों ने पंजाब के साथ धोखा किया है। यानी आम आदमी पार्टी के बीच की जो कलह राज्यसभा में उजागर हुई थी वह अब आगे बढ़कर राष्ट्रपति के पास जा पहुंची है। इस बीच भाजपा की तरफ से मान पर तंज कसते हुए कहा गया कि सीएम मान वॉल्वो बसों में विधायकों के साथ दिल्ली आए तो हैं लेकिन उन्हें ध्यान रखना होगा ये बसें कहीं भाजपा ऑफिस की ओर न मुड़ जाएं।
