Iran President पेजेशकियन ने अमेरिकियों से पूछे सवाल
कहा कि अमेरिका तो इजराइल के प्राक्सी बतौर ईरान से लड़ रहा है, आप समझें कि यह अमेरिका के हित में नही हैं
ईरान की टॉप लीडरशिप खत्म हो चुकी है और अमेरिका-इजराइल के बीच लड़ाई जब पूरे जोर पर है उसी बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिकी नागरिकों को सोशल मीडिया पर संबोधित करते हुए पूछा है कि क्या यह युद्ध वास्तव में उनके हित में है। सोशल मीडिया पर चार पन्नों के संदेश में मसूद पेजेशकियन ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच टकराव और संवाद, दोनों रास्ते खुले हैं, लेकिन यह अमेरिकियों पर निर्भर करता है कि वे कौन सी दिशा चुनते हैं। पेजेशकियन ने अमेरिका के लोगों से पूछा है कि क्या वास्तव में इस युद्ध से अमेरिकी जनता के हित पूरे हो रहे हैं? क्या ईरान से ऐसा कोई वास्तविक खतरा अमेरिका को कभी था कि इस तरह के हमले को सही ठहराया जा सके?” ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि पड़ोसी कई देशों से कहीं ज्यादा सैन्य क्षमता वाले ईरान ने कभी आक्रामक रुख नहीं अपनाया और हमेशा ईरान ने संयम बरता है, लेकिन अगर हमला किया जाता है तो हम सामना करने में सक्षम हैं। मसूद पेजेशकियन ने संकेत दिया कि अमेरिका तो युद्ध में इजराइल के प्रॉक्सी बतौर शामिल है। पेजेशकियन का दावा है कि यह युद्ध अमेरिका फर्स्ट कहने वाली ट्रंप सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है। ईरान द्वारा पड़ोसी देशों पर चल रही कार्रवाईयों को वैध आत्मरक्षा बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारी प्रतिक्रिया अब भी संतुलित ही है। उन्होंने संदेश दिया कि दुनिया ऐसे मोड़ पर है, जहां टकराव ज्यादा महंगा और निष्फल साबित होगा। अपने संदेश में पेजेशकियन ने कहा, “टकराव और संवाद के बीच चुनाव वास्तविक और महत्वपूर्ण है। इसका नतीजा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अपने हजारों साल के इतिहास में ईरान ने कई हमलावरों को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज वे केवल इतिहास के पन्नों में दर्ज रह गए हैं क्योंकि हम हजारों साल पुरानी सभ्यता हैं।
