September 8, 2026
देश दुनिया

BSP में फिर फेरबदल, मायावती ने आकाश के पर कतरे

अपने भाई आनंद के ही दूसरे बेटे ईशान को अब आगे बढ़ा रही हैं मायावती

बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से भी हटा चुकी थीं और सारा पॉवर भी छीन चुकी थीं लेकिन जैसे तैसे उनकी वापसी के बाद एक बार फिर आकाश आनंद को पॉवर से हटा दिया गया है और आकाश के भाई ईशान आनंद को बड़ी जिम्मेदारी दे दी गई है। चार दिन पहले तक आकाश बसपा के राष्ट्रीय संयोजक बतौर मायावती के बाद सबसे पॉवरफुल माने जाते थे लेकिन अब पहले तो आकाश ने प्रोफाइल पर नेशनल कन्वीनर शब्द हटाकर पार्टी वर्कर बीएसपी लिखा और अब यह भी हटाकर पार्टी सपोर्टर लिख दिया है। जाहिर है यह उनकी नाराजी है और वो पार्टी से खुद को दूर कर रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी के प्रथम परिवार की यह आंतरिक लड़ाई किसी को समझ नहीं आ रही है क्योंकि आकाश को हटाकर ईशान को नंबर दो बनाया जाना बड़ा कदम है। मायावती ने आकाश को यह कहकर हटाया है कि आकाश अपरिपक्व हैं। आकाश आनंद को अब तक मायावती चार साल में तीन बार पदों से हटा चुकी हैं या पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा चुकी हैं और इतने ही मौके भी उन्हें दिए हैं। यहां तक कि उन्हें मायावती की अनुपस्थति में पार्टी का सर्वेसर्वा होने का दावेदार भी माना जाना लगा था लेकिन पिछले दिनों अचानक ईशान का कद मायावती ने बहुत बढ़ा दिया और आकाश को अपरिपक्व बताने में भी उन्हें देर नहीं लगी। ईशान पहली बार इसी साल लखनऊ के कार्यक्रम में सार्वजनिक तौर पर मायावती के साथ नजर आए थे। ईशान की रिपोर्टिंग उनके पिता आनंद और बुआ मायावती को देने को कहा गया है। बार बार यह बात सामने आती रही है कि आकाश अपने पिता आनंद से ज्यादा कहना अपने ससुर का मानते हैं। अब आकाश को हटाने से दो संदेश साफ हैं, पहला यह कि उत्तरप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की जिम्मेदारी खुद मायावती संभालेंगी वहीं यह भी साफ है कि मायावती ने अब तक किसी को उत्तराधिकारी भी नहीं माना है। वैसे तो उत्तरप्रदेश से भी बसपा इस मायने में साफ है कि उसका कोई विधायक सदन में नहीं है लेकिन उसका प्रभाव और वोटबैंक अब भी कायम है और इसीलए उसके हर कदम पर नजर रखी जाती है।