November 17, 2026
वर्ल्ड

500 की फ़ेहरिस्त और शरीफ़ाना पीएचडी

अमरिक्का से ‘मनजी’ की रपट

पड़ोसी मुल्क से दो ऐसी ख़ुशख़बरियाँ, जिन्हें पढ़कर आप भी फ़ख़्र से फूलकर कुप्पा हो जाएँगे!

सरहद पार से दो बड़ी-बड़ी ख़ुशख़बरियाँ आई हैं। दिल कमज़ोर हो तो ज़रा संभलकर पढ़िएगा, क्योंकि इतनी ख़ुशी एक साथ बर्दाश्त करना हर किसी के बस की बात नहीं!

पहली ख़बर ये है कि हर साल मुस्लिम जगत की 500 सबसे ताक़तवर मोमिन शख़्सियतों की एक फ़ेहरिस्त जारी होती है। इस बरस सबसे आला मक़ाम पर पाँच हस्तियाँ विराजमान हैं, जिनमें पाकिस्तान के वज़ीर-ए-आज़म जनाब शरीफ़ साहब और फ़ौज के अज़ीम सिपहसालार, जंगी रणनीतिकार जनाब मुनीर साहब भी शामिल हैं। इनके अलावा सऊदी के बादशाह और शहज़ादे, शाहरुख़ और सलमान ख़ान भी इस रूहपरवर फ़ेहरिस्त की ज़ीनतअमान बने हैं। तुर्किए के सदर भी अपनी शान-ओ-शौकत के साथ मौजूद हैं।

ये बात दीगर है कि ये फ़ेहरिस्त अंदरूने-मुल्क चच्चा जुम्मन अपनी ख़ास सुर्ख़ स्याही से जिल्दसाज़ी की दुकान पर बैठकर तैयार करते हैं। मगर फ़ेहरिस्त है कि दुनिया की तक़दीर बदलने वाली मालूम होती है!

अलबत्ता अफ़सोस इस बात का है कि हिंदुस्तान से एक भी मर्द-ए-मुजाहिद को इसमें जगह नहीं मिली। आख़िर दुनिया इतनी नाशुक्रा कैसे हो सकती है कि हमारे यहाँ के इतने सारे महानुभावों को नज़रअंदाज़ कर दे!

बहरहाल, इस ख़बर के बाद ख़ित्ते में जश्न का माहौल है। आवाम ख़ुशी से बावली हुई जा रही है। कहीं मिठाइयाँ बँट रही हैं तो कहीं लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हुए पूछ रहे हैं कि चच्चा जुम्मन की दुकान का पता क्या है!

अब दूसरी ख़ुशख़बरी भी सुन लीजिए।

ख़बर है कि पाकिस्तान की आला यूनिवर्सिटियों में अब वज़ीर-ए-आज़म जनाब शरीफ़ साहब की शख़्सियत और कारनामों पर पीएचडी करवाई जाएगी। तालिब-ए-इल्म उनके अज़ीम कारनामों पर तहक़ीक़ कर सकेंगे। मदरसों में भी बाक़ायदा रिसर्च का इंतज़ाम होगा कि आख़िर उन्होंने किस तरह पड़ोसी मुल्क एंडिया को शिकस्त देकर तारीख़ के पन्नों पर अपना नाम सुनहरे हरूफ़ में दर्ज कराया!

इन दोनों ख़बरों से हिंदुस्तान के हर बाशिंदे को वाक़िफ़ होना चाहिए। आख़िर ख़ुदा की ऐसी कारसाज़ी और क़िस्मत की ऐसी मेहरबानी रोज़-रोज़ देखने को कहाँ मिलती है!

इन तमाम इल्मी और तारीख़ी पेशक़दमियों से वाक़िफ़ होकर मुंशी जी ने भी अपनी ख़्वाहिश का इज़हार कुछ यूँ किया है:

हाय! मरयम पर भी कोई पीएचडी का कोर्स खुलवाए,
हम भी तालिब बन जाएँ, कोई तो यूनिवर्सिटी बुलवाए!