लघुकथा सम्मेलन में हुआ विधा पर विमर्श, कथाकारों का सम्मान
क्षितिज अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन विमर्श, सम्मान, पुस्तकों का विमोचन
पिछले 43 सालों से लघुकथा विधा के संवर्धन, विकास और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय क्षितिज साहित्य संस्था (इंदौर) ने 15 नवंबर 2026 को क्षितिज अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन में सम्मान प्रदान किए, लघुकथा पर विमर्श सत्र किए और पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मप्र साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे, साहित्यकार भगीरथ परिहार ने विशेष रूप से शिरकत की। 2026 के पुरस्कारों के लिए संदीप राशिनकर को क्षितिज कला शिखर सम्मान, श्रीमती स्मृति आदित्य को क्षितिज साहित्य भूषण सम्मान, श्रीमती सीमा व्यास को क्षितिज लघुकथा मनीषी सम्मान, श्रीमती कनक हरलालका को लघुकथा मनीषी सम्मान, श्रीमती अदिति सिंह भदौरिया को क्षितिज साहित्य भूषण सम्मान, जया आर्य को क्षितिज लघुकथा रत्न, डॉ. जितेन्द्र कुमार गुप्ता को क्षितिज लघुकथा रत्न, डॉ. मनीष दवे को क्षितिज साहित्य भूषण, श्रीमती तनुजा चौबे को क्षितिज साहित्य भूषण, मनमोहन चौरे को क्षितिज लघुकथा रत्न, श्रीमती विनिता शर्मा को क्षितिज स्वयंसिद्धा, श्रीमती सपना सी.पी. साहू “स्वप्निल” को क्षितिज साहित्य भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। संस्था के नौंवे अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन में विधा को समर्पित मूल्यपरक सत्र में विविध विद्वानों ने अपने विचार रखे। सीमा व्यास ने लघुकथा विधा और नैतिक उत्तरदायित्व पर बात रखी और कहा कि लघुकथा के नैतिक मूल्य हमें सामाजिक रुप से जिम्मेदार बनाते हैं। घनश्याम मैथिल अमृत ने लघुकथा विधा में बाल मन की संवेदनशीलता और रचनाधर्मिता को लेकर अपनी बात रखी। डॉ. वसुधा गाडगिल ने लघुकथा में पारिवारिक मूल्यों, नैतिक उत्तरदायित्व और समग्र सृजनशीलता पर प्रकाश डाला। नेतराम भारती ने लघुकथा में अचानक बदलाव वाले अंत, अनपेक्षित विषय परिवर्तन और विधा के विशिष्ट शिल्प को लेकर चर्चा की।
अंतरा करवड़े ने लघुकथा में प्रयोग संबंधित विषय पर, व्यक्तिगत, विधागत और समग्र प्रयोग को लेकर उदाहरण सहित जानकारी दी। आपने कहा कि वास्तविक प्रयोग पाठकों की स्वीकृति से सिद्ध होता है। कांता राय ने लघुकथा और कहानी में विधागत अंतर को स्पष्ट किया। आपने विविध उदाहरण देकर आकारगत और शिल्पगत वैविध्य पर प्रकाश डाला। ज्योति जैन ने लघुकथा में स्त्री विमर्श और नारी की स्थिति, लेखन और वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए लेखन में स्त्री और स्त्री लेखन के विविध कोणों के माध्यम से बात रखी। संतोष सुपेकर ने विधा को समृद्ध करते विचारों के साथ वर्तमान परिस्थितियों में लेखन, विषयों का वैविध्य और भविष्य की सृजनात्मक अपेक्षाओं पर आधारित चर्चा की। मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक विकास दवे ने कहा कि आप लघुकथा के समान ही स्वयं को लघु बनाते जाएं तो साहित्य और जीवन दोनों की सृजनात्मक प्रगति संभव है। विधाओं के संघर्ष से प्रेरणा लेकर हमें अपनी भावभूमि का विस्तार करना चाहिए। वरिष्ठ लघुकथाकार भगीरथ परिहार ने कहा कि संस्थाओं की नींव पर लघुकथा विधा का वर्तमान स्वरूप खड़ा है। क्षितिज संस्थान द्वारा इस क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाई गई है। क्षितिज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नंदकिशोर बर्वे ने दिवंगत सतीश राठी की परंपरा को आगे बढ़ाने को लेकर प्रयासों की जानकारी दी। डॉ. पुरुषोत्तम दुबे ने विधा के इतिहास, वर्तमान चुनौतियां और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती वंदना वाणी जोशी ने प्रस्तुत की। सतीश राठी को श्रद्धांजलि देने के साथ प्रमुख प्रतिनिधि लघुकथाओं का पाठ किया गया। अतिथियों का स्वागत सुरेश रायकवार, दीपक गिरकर ने किया। सत्रों का संचालन किया तनुजा चौबे और रश्मि चौधरी ने किया आभार व्यक्त किया वर्षा ढ़ोबले ने।
