Sugar, Salt और फैट की मात्रा पैकेट पर साफ साफ लिखो-सुप्रीम कोर्ट
एडेड शुगर की जगह चीनी की कुल मात्रा लिखने को कहा, स्वास्थ्य की चिंता पर बड़ा कदम
पैकेज्ड फूड को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा आदेश पारित करते हुए कहा है कि अब फैट, शुगर और नमक की अधिक मात्रा वाले हर उत्पाद के पैकेट पर अलग अलग चित्रों वाली चेतावनी लगाना अनिवार्य किया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और एफएसएसएआई को खाद्य उत्पादों पर ‘फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग’ को लागू करने के लिए कहा है। इन तीनों चीजों की अधिक मात्रा वाले हर उत्पाद पर तीनों के लिए अलग अलग चित्र वाली चेतावनी पैकेट पर साफ दिखने जैसे लगाने होंगे। एक सोसायटी की दायर जनहित याचिका फैसला देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्देश दिया है।
एफओपीएनएल यानी फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रीशन लेबलिंग में फूड प्रोडक्ट के पैकेट पर पोषण के बारे में बताया जाता है ताकि ग्राहक को उसमें मौजूद फैट, चीनी और नमक की मात्रा के बारे में पूरी जानकारी मिल सके। कोर्ट ने कहा कि पैकेट के सामने वाले हिस्से पर इनकी जानकारी देनी होगी जो षट्कोणीय लेबल में होगी। तीनों में से जो जो तत्व ज्यादा मात्रा में हों उनके लिए हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट लिखना होगा, यदि तीनों चीजें ज्यादा हैं तो तीनों लेबल एक साथ लगाने होंगे। जो पैकेज के मुख्य डिस्प्ले पैनल के कम से कम चार से पांच प्रतिशत होना चाहिए। एफएसएसएआई से कहा गया है कि चिंताजनक पोषक तत्वों की सीमा समझने के लिए ‘एडेड शुगर’ और ‘एडेड फैट’ के बजाय कुल चीनी और ‘सैचुरेटेड फैट’ बेस बनाए जाएं। यह सीमा न तो बहुत कम हो और न बहुत अधिक। एफएसएसएआई ने पहले कहा था कि शुरुआत में दो ऐसे तत्व ज्यादा होने पर इन्हें लागू करें और दूसरे चरण में एकल पोषक तत्व पर ऐसे लेबल लगाएं लेकिन याचिकाकर्ता सोसायटी ने इसे नहीं माना। नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर भी चेतावनी का प्रस्ताव भी है। केंद्र से कोर्ट ने कहा है कि बच्चों के बीच पोषण साक्षरता के लिए वर्कशॉप जैसी गतिविधियां की जाएं। एफएसएसएआई को औपचारिक हलफनामा देने के लिए दस सप्ताह का समय दिया है।
