Nadda घायल प्रदर्शनकारियों से भी मिले और पुलिस वालों से भी
सीजेपी के नेताओं ने भी कल नड्डा से ही मुलाकात की थी
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के ‘संसद चलो’आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज में घायल प्रदर्शनकारियों से मिलने विपक्ष के नेता पहुंचे तो सरकार की तरफ से जेपी नड्डा को यह काम सौंपा गया कि वे घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लें। उन्होंने घायल पुलिस वालों से भी मुलाकात की। नड्डा ने डॉक्टरों के साथ बैठक कर घायलों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। नड्डा ने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की है। उन्होंने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। 20 जुलाई को संसद मार्ग और कनोट प्लेस इलाके में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के संबंध में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ 5 अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़े, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस के मुताबिक झड़पों में 118 से अधिक पुलिसकर्मी और लगभग 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। अब कई प्रदर्शनकारियों पर कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थानों में दंगा फैलाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारियों पर हमले की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं। उधर जंतर-मंतर पर सीजेपी ने फिर से धरना स्थल बहाल कर लिया है और सोनम वांगचुक ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखने का ऐलान किया है।
