Bihar सरकार ने कहा सिवान में चलानी पड़ी थी एके 47
सुप्रीम कोर्ट में बिहार और दिल्ली पुलिस ने दिए अपने हलफनामे, दिल्ली में 240 और बिहार में 157 पुलिस वाले घायल हुए
बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माना है कि छात्र प्रदर्शन के दौरान सिवान में पुलिस को एके-47 का इस्तेमाल करना पड़ा था हालांकि यह बात भी जोड़ी गई है कि इसमें कोई भी घायल नहीं हुआ। बिहार सरकार के हलफनामे में कहा गया कि जब पुलिसकर्मी भीड़ में फंस गया तो आत्मरक्षा में उसने एके-47 से चार राउंड फायर किए। पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है। एक अन्य मामले में एक एएसआई ने पिस्टल से दो गोलियां चलाईं। हलफनामे में बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान हिंसा में पुलिस पर किए गए हमलों में छपरा में दो बीडीओ, तीन इंस्पेक्टर, दो सब-इंस्पेक्टर और 11 कांस्टेबल घायल हुए। 157 पुलिसकर्मी और सात सरकारी कर्मचारी घायल हुए। प्रदर्शन के तीन दिनों में 69 एफआईआर दर्ज कर 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 222 छात्र प्रदर्शनकारियों को जमानत पर और जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने 75 नाबालिगों को छोड़ा गया। उधर दिल्ली पुलिस ने अपने हलफनामे में बताया है कि प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने के लिए कई स्तरों के सुरक्षा घेरा को तोड़ा और प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान 240 पुलिसकर्मी और 200 प्रदर्शनकारी घायल हुए। भीड़ में काफी ज्यादा आपराधिक रिकॉर्ड वाले और असामाजिक तत्व भी शामिल थे।
