Aadhar को लेकर न्यू इंडियन एक्सप्रेस की खबर गलत- सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय
खबर में दावा किया गया था कि आधार पर से नाम, पता और जन्मतिथि वगैरह हटाकर इन्हें इन्क्रिप्ट कर दिया जाएगा
पिछले दिनों न्यू इंडियन एक्सप्रेस अखबार में छपी उन खबरों को केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गलत करार दिया है, जिनमें आधार कार्ड में बड़े बदलाव का दावा किया गया था। अखबार ने गलत जानकारी देते हुए बताया था कि आधार को अब सिर्फ फोटो और क्यूआर कोड में समेटते हुए इन्क्रिप्टेड कर दिया जाएगा। खबर में बताया गया था कि आधार में अभी दिखने वाले व्यक्तिगत विवरण हट जाएंगे। अब सरकार की तरफ से कहा गया है कि ऐसी कोई योजना नहीं है। ऐसी खबरों को गलत बताते हुए मंत्रालय ने कहा कि लोगों को भ्रम में नहीं आना चाहिए। मंत्रालय ने ऐसी खबरों को लेकर मीडिया से भी आग्रह किया है कि वे गलत या अपुष्ट खबरें न दें। 27 अप्रैल के अंक में न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने आधार को लेकर जो रिपोर्ट छापी थी उसमें कहा गया था कि आधार कार्ड के डिजाइन में बदलाव की प्रक्रिया जारी है और नए कार्ड में नाम, आधार नंबर, जन्मतिथि, पते जैसी जानकारियां खुले तौर पर न रखकर एन्क्रिप्टेड रूप में क्यूआर कोड की तरह रखी जाएंगी।
