March 9, 2026
देश दुनिया

Madhya Pradesh के कांग्रेसी विधायक ने अपराध छुपाए, विधायकी गई

विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित, रामनिवास रावत होंगे विधायक

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ग्वालियर ने आपराधिक रिकॉर्ड की सही जानकारी न देने के चलते विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया गया है। पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने याचिका लगाते हुए दावा किया था कि मुकेश मल्होत्रा ने अपने चुनावी हलफनामे में आपराधिक रिकार्ड छुपाया था। मल्होत्रा ने उपचुनाव में जो नामांकन दाखिल किया था, उसमें सिर्फ दो के ही बारे में जानकारी दी जबकि मल्होत्रा पर उस समय 6 आपराधिक मामले दर्ज थे। कोर्ट ने सुनवाई में तथ्यों के छुपाने की बात को सही पाया। हाइकोर्ट ने मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित कर दिया और उनसे हारे भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को विजयपुर विधायक घोषित कर दिया है। कोर्ट ने चुनावी घोषणापत्र में आपराधिक पृष्ठभूमि सहित सभी जानकारियों का सही सही देना जरूरी माना है। मल्होत्रा ने न सिर्फ आरोप तय होने की जानकारी छिपाई बल्कि आरोपों की प्रकृति भी गलत दर्शाई जिसे अदालत ने वोटरों को गुमराह करने जैसा माना। मुकेश मल्होत्रा ने इस निर्णय को लेकर कहा है कि वे मामले को सुप्रीम कोर्ट ले जाएंगे। मल्होत्रा के वकील और कांग्रेस नेता विवेक तन्खा का कहना है कि हमें यकीन है मुकेश मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल जाएगी।