April 21, 2026
वर्ल्ड

America ने जब्त किया चीन का जहाज, ईरान ले जा रहा था खतरनाक सामान

जिस कंपनी का यह जहाज है उस पर अमेरिका ने मिसाइल बनाने का सामान लाने ले जाने के चलते प्रतिबंध लगा रखा है

अमेरिका और ईरान के बीच जहां पाकिस्तान में होने वाली बैठक खटाई में पड़ती नजर आ रही है वहां अब एक नया पेंच यह आ गया है कि अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में एक जहाज को रोक लिया है जो चीन से ईरान जा रहा था। अमेरिका की तरफ से दावे आ रहे हैं कि इस जहाज में मिसाइल बनाने के सामान से लेकर ड्यूल यूज सामग्री भी भरी हुई है। होर्मुज स्ट्रेट पर फिलहाल अमेरिकी नाकेबंदी जारी है और उसी को तोड़ने की कोशिश में जब इस टोस्का नाम के जहाज को रोक कर अमेरिकी सैनिकों ने तलाशी ली तो यह सामान मिला। यह ईरानी झंडे वाला कंटेनर है जो अब अमेरिकी कब्जे में है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की करीबी निक्की हेली ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना द्वारा जब्त यह जहाज चीन से आ रहा था। इसमें रासायनिक सामान की जानकारी थी इसलिए नौसेना ने उसे रुकने के लिए कहा लेकिन टोस्का ने नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश की। चेतावनी बतौर गोलियों से इसका इंजन बंद कर अमेरिकी बलों ने उसे कब्जे में लिया। यह जहाज पिछले कुछ ही दिनों में दो बार दक्षिणी चीन के झुहाई बंदरगाह पहुंचा था। ईरान ने इस अमेरिकी कार्रवाई को सशस्त्र समुद्री डकैती बताते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। जहाज पर ऐसा डुअल-यूज सामान भी है जो औद्योगिक उपयोग के साथ सैन्य कामों में भी लिया जा सकता है। ईरान शिपिंग लाइन्स पर अमेरिका ने 2019 में इसलिए प्रतिबंध लगाया था कि इस कंपनी से बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए सामग्री मंगवाई जाती रही है।