RajyaSabha की 24 सीटों की वोटिंग 18 जून को
मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह की सीट कांग्रेस के पास बच पाएगी या नहीं इस पर भी कशमकश
राज्यसभा की खाली हो रही 24 सीटों पर चुनाव अगले महीने की 18 तारीख को पूरे हो जाएंगे, चुनाव आयोग ने इस बारे में सूचना जारी करते हुए एक जून से प्रक्रिया शुरु होने और 20 जून को प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी है। घोषणा के अनुसार चुनाव को लेकर आधिकारिक घोषणा एक जून को की जाएगी जबकि 18 जून को वोटिंग होगी। मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और एच डी देवेगौड़ा जैसे बड़े नेताओं का कार्यकाल खत्म होने से 24 सीटों पर चुनाव होने हैं और यह पहला मौका होगा जब कांग्रेस को गुजरात से एक भी सीट नहीं मिल सकेगी और गुजरात से एक भी राज्यसभा सांसद कांग्रेस के पास नहीं होगा। इस बार आंध्रप्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार और राजस्थान व मध्य प्रदेश में तीन-तीन सीटों पर चुनाव होगा। झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की सीटें भी खाली हो रही हैं। कर्नाटक से कांग्रेस को तीन सीटें मिल जाएंगी इसलिए मल्लिकार्जुन खरगे के चुने जाने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। वहीं मध्य प्रदेश में काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि बीजेपी क्या रणनीति अपनाती है और दिग्विजय की जगह टिकट किसे दिया जाता है, हालांकि यहां एक तीन में से एक सीट लेने की गुंजाइश है लेकिन कांग्रेस पहले भी इस मामले में झटके खाती रही है इसलिए कुछ पक्का कहा नहीं जा सकता।
