July 14, 2026
देश दुनिया

Omar से भाजपा ने कहा 100 करोड़ दो या माफी मांगो

नेशनल कांफ्रेंस की बैठक में उमर ने कहा था कि भाजपा सरकार गिराने के लिए विधायकों को लालच दे रही है
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भाजपा पर विधायकों की खरीद का आरोप तो लगा दिया लेकिन अब उनका यह बयान उनके लिए सिरदर्द बनता दिख रहा है। दरअसल भाजपा की तरफ से उमर को कहा गया है कि या तो वो बयान वापस लेते हुए माफी मांग लें या कानूनी कार्रवाई झेलते हुए 100 करोड़ रुपए देने की तैयारी रखें। इससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच का सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने उमर को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। भाजपा ने उमर के आरोपों को निराधार, झूठा और मानहानि की वजह बताते हुए सात दिनों सबूत देने या बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। भाजपा ने कहा है कि यदि उमर माफी नहीं मांगते हैं तो हर्जाने के मामले सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की शुरुआत की जाएगी। पिछले दिनों अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच उमर ने कहा था कि भाजपा उनकी सरकार गिराने की कोशिश में विधायकों को करोड़ों रुपये, मंत्री पद जैसे लालच देकर पार्टी बदलने को कह रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा के ने कानूनी कार्रवाई की शुरुआत करते हुए अपने वकील के जरिए नोटिस दिया है जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री के ऐसे बयानों से भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा है, ऐसे में या तो वे माफी मांगते हुए अपने लगाए आरोप वापस लें या दीवानी ही नहीं आपराधिक कानूनी कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें जिसमें 100 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा भी रहेगा।