DMK ने ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा हम कांग्रेसियों के साथ नहीं बैठेंगे
कांग्रेस ने सालों पुराने गठबंधन को चुनावी नतीजों के आने के दौरान ही एकतरफा तरीके से तोड़ दिया, इसी से नाराज है द्रमुक
कांग्रेस ने तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव तो द्रमुक के साथ मिलकर लड़ा लेकिन जब नतीजे आ ही रहे थे उसी बीच उसने द्रमुक को धोखा देते हुए अभिनेता जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन की घोषणा कर दी, जब द्रमुक ने गठबंधन की याद दिलाई तो कांग्रेस ने गठबंधन भी खत्म करने की बात कह डाली। इस धोखे से नाराज द्रमुक ने अब लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर कहा है कि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के लोकसभा सांसदों की सीट व्यवस्था बदली जाए। ओम बिरला को भेजे पत्र में सांसद कनिमोझी ने कहा है कि कांग्रेस और द्रमुक का गठबंधन नहीं बचा है। ऐसे में लोकसभा में डीएमके और कांग्रेस सांसदों का साथ बैठना उचित नहीं होगा। बैठने की व्यवस्था बदलने की मांग का सीधा मतलब यह निकाला जा रहा है कि द्रमुक गठबंधन टूटने के सार्वजनिक संकेत देते हुए राजनीतिक स्थिति राष्ट्रीय तौर पर स्पष्ट रखना चाहती है। लोकसभा में सीट व्यवस्था बैठने से ज्यादा राजनीतिक समीकरणों का मामला माना जाता है। लोकसभा सचिवालय से अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन डीएमके ने यह तो बता ही दिया है कि वह कांग्रेस के इस धोखे को माफ करने के इरादे में नहीं है।
