Abhishek Banerjee के एक मकान की जानकारी निकालने में 43 की सूची बाहर आ गई
रसूख के नाम पर बनाई गई ममता के भतीजे की संपत्तियों का आंकड़ा जल्द ही पचास पार होने की संभावना
कोलकाता नगर निगम ने अभिषेक बनर्जी की मां लता बनर्जी को एक संपत्ति के लिए तो नोटिस भेजा है जिसमें अतिक्रमण खुद ही हटाने की बात की गई लेकिन इसके बाद तो अभिषेक की संपत्तियों की लंबी सी सूची ही आ गई है। दरअसल शुरुआत वाकई सिर्फ एक संपत्ति में हुए अवैध निर्माण के नोटिस को लेकर हुई थी लेकिन जब यह देखा गया कि कितनी संपत्तियां हैं तो एक के बाद एक 43 ऐसी संपत्तियां तो एक झटके में ही पता चल गईं जो या तो सीधे अभिषेक बनर्जी के नाम पर हैं या वो जिनमें पार्टनर हैं। उनके पार्टनर में भी कुछ तो परिवार के सदस्य हैं लेकिन कुछ संपत्तियां ऐसी भी मिली हैं जिनमें टीएमसी के नेता अभिषेक के साथ मालिक बने हुए हैं। एक संपत्ति सयोनी घोष के साथ भी सामने आई है जिसे लेकर सयोनी का कहना है कि ये मैं नहीं हूं। जिन 43 संपत्तियों की एक लिस्ट जारी हुई है उनमें ममता के भतीजे अभिषेक, ममता, अमृता, सबिता, मिनाती, बाणानी बनर्जी के भी नाम हैं जिनमें कुछ संयुक्त संपत्तियां हें और कुछ खुद अभिषेक के नाम पर हैं। वहीं कुछ जगहों पर सयोनी घोष, अर्पिता बनर्जी, सुदेष्णा बनर्जी, आकाश बनर्जी, सोमनाथ बनर्जी और प्रियंका दास भी सह मालिक बतौर शामिल हैं। अधिकतर संपत्तियां सबसे महंगी कॉलोनियों और पॉश इलाकों में हैं। कुछ मामलों में रिकॉर्ड और टैक्स डिटेल अभी पूरी तरह सामने आना बाकी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि ममता और उनके भतीजे ने ये सब सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर बनाया है और इन्हें लेने में नियमों की अनदेखी की गई है। जो मकान अभिषेक अभी रहने के काम में लेते हैं उसे लेकर उनकी मां को नोटिस देते हुए कहा गया है कि नक्शे के विपरीत बनाए गए मकान के हिस्से वो खुद तोड़ लें वरना निगम तोड़ने का भी पैसा वसूल करेगा।
