Ayodhya Ram Mandir के सीईओ होंगे जितेंद्र मिश्रा
वायुसेना में सेवा दे चुके मिश्रा ऑपरेशन सिंदूर में भी कमान संभाल चुके हैं, तीन नए ट्रस्टी भी बने
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में अब नए सीईओ के तौर पर वायुसेना से रिटायर हुए एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को लाया गया है।एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न कमांड संभाली थी। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के सीईओ को को चुने जाने की प्रक्रिया पिछले कुछ समय से जारी थी और आज हुई ट्रस्ट की बैठक में यह तय होना था कि किसे यह जिम्मेदारी दी जाए। महंत नृत्यगोपालदास की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक में मिश्रा के नाम पर सर्वसम्मति बन गई। वैसे मिश्रा का नाम चौंकाने वाला है क्योंकि इस पद के लिए राजेश पांडेय के नाम पर सहमति बनने की बात सामने आ रही थी। सीईओ की घोषणा से पहले ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों की भी घोषणा हुई जिन तीन ट्रस्टियों को शामिल किया गया है उनमें अयोध्या से मदन मोहन पांडेय और निर्मला यादव हैं जबकि दिल्ली के महेश भागचंदका को भी शामिल किया गया है। आज ट्रस्ट की बैठक में प्रमुख पदाधिकारियों सहित जो लोग मौजूद रहे उनमें बतौर अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के अलावा कमलनयनदास, स्वामी गोविंद देव गिरी, कृष्ण मोहन, दिनेंद्रदास जी महाराज, दिनेशचंद्र, बजरंग बांगाड़ा, जगदीश आफले, राज गोपाल मिनियार और समीर पांडा शामिल हैं। इनके अलावा पदेन और सरकारी सदस्यों में नृपेंद्र मिश्रा ( अध्यक्ष, मंदिर निर्माण समिति), प्रशांत लोखंडे ( केंद्र सरकार के प्रतिनिधि),
संजय प्रसाद ( उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि), व शशांक त्रिपाठी (अयोध्या कलेक्टर) भी शामिल हैं।
