Rahul Priyanka ने घायल प्रदर्शनकारियों से की मुलाकात
राहुल बोले हमने स्पीकर को कहा विपक्ष चर्चा चाहता है लेकिन वे पहले अनुमति लेंगे
जंतर मंतर पर लंबे समय से चल रहा प्रदर्शन संसद मार्च के दौरान उग्र हो जाने के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुई थीं जिनमें कई लोग घायल हुए थे। इसमें घायल हुए कुछ लोगों से मिलने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका के साथ कई अन्य नेताओं के साथ पहुंचे। हालांकि सोमवार को हुई झड़पों में पचास से ज्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हैं लेकिन राहुल ने तय किया कि वे चुनिंदा उन्हीं लोगों से मिलेंगे जो विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद राहुल ने प्रधानमंत्री के घर के बाहर धरना भी दिया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा है कि कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को युवा प्रदर्शन के दौरान “पुलिस की बर्बरता और लाठीचार्ज” में घायल छात्रों से मुलाकात की। आज देश के छात्रों के भविष्य को कुचला जा रहा है और अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। इसके लिए नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए। संसद परिसर में पत्रकारों से राहुल ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें बताया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहता है। अब उन्हें इसके लिए सरकार से पूछना होगा यानी संसद में चर्चा कराने के लिए भी लोकसभा अध्यक्ष सरकार से अनुमति लेंगे।
