Cease Fire कब तक यह ट्रंप ही तय करेंगे, अभी समय सीमा तय नहीं
व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में बातचीत में देरी के लिए ईरानी नेतृत्व में खींचतान को बताया गया जिम्मेदार
ट्रंप ने कथित तौर पर पाकिस्तान के आग्रह के चलते युद्ध विराम आगे बढ़ाने की बात दोहराते हुए कहा है कि ईरान के नेतृत्व में मतभेद और विभाजन की स्थिति है। व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया है कि ईरान के नेतृत्व में व्यावहारिक समझ वालों और कट्टरपंथियों के बीच की लड़ाई चल रही है। राष्ट्रपति पेजेशकियान इन दोनों के बीच तालमेल से एक सामूहिक जवाब बनाना चाह रहे हैं। हम भी उसी जवाब के इंतजार में हैं। व्हाइट हाउस से बार बार यही संदेश आ रहे हैं कि ईरान के नेतृत्व इतने आंतरिक विभाजन और मतभेद हैं कि किसी नतीजे पर पहुंचना उनके लिए संभव नहीं हो रहा है। ट्रंप की तरफ से जारी बयान में यह भी कहा गया है कि अमेरिका स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए है क्योंकि ईरान सैन्य रूप से तो कमजोर हुआ ही है साथ ही आर्थिक और वित्तीय नुकसान भी उनकी बुरी तरह कमर तोड़ रहा है। अभी अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध विराम के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं की है और यह उनका ही आखिरी निर्णय होगा कि वे कब तक ईरानी राष्ट्रपति की ओर से आने वाले जवाब का इंतजार करते हैं। व्हाइट हाउस ने मीडिया से कहा है कि ईरान से आने वाली बातों को सीधे सच न मान लें।
