CBDT ने नए नियमों के लिए मांगे आम लोगों से सुझाव
आयकर नियम के लिए ड्रॉफ्ट, आप भी दे सकते हैं सुझाव
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने बजट 2026 के बाद आयकर अधिनियम 2025 के हिसाब से नए ड्राफ्ट आयकर नियम और फॉर्म्स जारी किए हैं। इन नियमों को 1 अप्रैल 2026 से लागू किए जाने का प्रस्ताव है। नियमों को लोगों से सुझाव लेने के लिए सार्वजनिक किया गया है। इन नए नियमों में सरलीकरण पर जोर दिया गया है। आयकर रिटर्न फॉर्म्स को सरल बनाया गया है। इसी के साथ अनावश्यक प्रावधानों की समाप्ति पर भी जोर दिया गया है। इसमें पुराने और अप्रासंगिक नियमों को हटाया जाना है। पूंजीगत संपत्तियों की होल्डिंग, जीरो कूपन बॉन्ड्स और इंफ्रा संबंधित आवेदन प्रक्रियाओं को स्पष्ट करने की कोशिश भी इन नियमों में है। आम नागरिक, कर विशेषज्ञ, उद्योग जगत के लोग चाहें तो 22 फरवरी 2026 तक इन आने वाले नियमों को लेकर अपने सुझाव भेज सकते हैं। प्राप्त सुझावों पर चर्चा के बाद अंतिम नियम मार्च 2026 में अधिसूचित हो सकते हैं और इन्हें एक अप्रैल से लागू किया जा सकता है। वित्त मंत्रालय का कहना है कि भाषा और प्रक्रिया सरल होने से करदाताओं को आसानी होगी और इससे जुड़े मुकदमों की संख्या में कमी आएगी। मार्च 2026 में अंतिम नियमों के अधिसूचित होने से पहले आपकी राय भी इसमें शामिल हो सकती है।
