Anil Ambani नहीं भागेंगे विदेश, भरोसा रखिए – आरकॉम
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दोरान अनिल अंबानी के विदेश भागने की संभावना जताने पर वकील ने दिया आश्वासन
रिलायंस कम्युनिकेशंस के बैंक धोखाधड़ी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जब कहा गया कि अनिल अंबानी विदेश भाग सकते हैं तो उनके वकील मुकुल रोहतगी ने अदालत को भरोसा दिलाया कि अंबानी देश छोड़कर नहीं भागेंगे, यूं भी वे बिना अदालत की अनुमति के विदेश नहीं जा सकते। कोर्ट ने इस बयान को दर्ज कर लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को कहा कि वह एक जांच दल बनाए जो बैंक फ्रॉड की पूरी जांच करे। कोर्ट ने उन बैंक अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जो इस फ्रॉड को रोक नहीं सके या जिन्होंने इसे होने दिया। बेंच ने कहा कि सीबीआई देखे कि क्या अधिकारियों की मिलीभगत से पैसा जारी हुआ था क्योंकि फॉरेंसिक ऑडिट में पैसों की हेराफेरी का भी खुलासा हुआ है। यही वजह है कि बात एक कंपनी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पूरे भारतीय बैंकिंग सिस्टम की विश्वसनीयता दांव पर है। आरकॉम के खिलाफ बोलते हुए वरिष्ठ वकीलों ने कहा कि यह बड़ा कॉर्पोरेट फ्रॉड है और इससे हजारों करोड़ की हेराफेरी से बैंकों को भारी नुकसान हुआ है। अदालत ने ईडी और सीबीआई को आदेश दिया कि वे हर महीने प्रोग्रेस रिपोर्ट कोर्ट में दें ताकि जांच की पारदर्शिता रहे और समयबद्ध जांच हो सके।
