February 16, 2026
वर्ल्ड

Bangladesh में अराजकता, हिंसा, एक शख्स को जिंदा जला दिया

भारतीय दूतावास से लेकर अखबारों तक हिंसक भीड़ का तांडव

बांग्लादेश में इस्लामी कट्टरपंथी संगठन ‘इंकलाब मंच’ के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद देश में हिंसा और अराजकता का माहौल है। हादी 12 दिसंबर को गोलियां लगने से घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसने सिंगापुर में 18 दिसंबर 2025 को दम तोड़ दिया। इस खबर के मिलने के बाद उसके समर्थक सड़कों पर उतर आए और हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिए। पहले भारतीय दूतावास पर बड़ी भीड़ ने तोड़फोड़ की और उसके बाद ‘प्रथम आलो’ और ‘द डेली स्टार’ जैसे मीडिया संस्थानों पर भीड़ ने धावा बोला। इस बीच बांगलादेश में रह रहे एक हिंदू को जिंदा जला दिए जाने की भी खबर है जिस पर आरोप लगाया गया कि उसने पैगंबर हजरत मोहम्मद की शान में गुस्ताखी की। मीडिया संस्थानों पर हमला करते हुए भी भीड़ की कोशिश यही थी कि मौजूद पत्रकारों को जिंदा जला दिया जाए लेकिन बमुश्किल पत्रकारों की जान बचा ही ली गई।

‘द डेली स्टार’ की पत्रकार जायमा इस्लाम ने फेसबुक पर लिखा, “मैं अब बिल्कुल सांस नहीं ले पा रही हूं, तुम मुझे मार रहे हो।” उन्होंने बताया कि हमलावर इमारत में घुस कर हमें जिंदा जला देने की पूरी तैयारी से आए थे। हिंसक भीड़ ने भारतीय उच्चायोग पर भी पथराव किया। प्रदर्शनकारियों ने भारत के खिलाफ नारे लगाए और शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के दफ्तर को भी आग के हवाले कर दिया गया। चौराहों पर जाम लगाकर प्रदर्शनकारियों ने हादी की सुरक्षा न करने का आरोप भी लगाया।