MCU में छात्रों को मिले ‘प्रतिभा 2026’ के पुरस्कार
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में ‘प्रतिभा 2026’ आयोजन का पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य समापन
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में वार्षिकोत्सव ‘प्रतिभा 2026’ के पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामयी समापन हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग थे। समारोह की शुरुआत में कुलगुरु द्वारा बताया गया कि इस शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ 20 अगस्त को माननीय मुख्यमंत्री और डॉ. कुमार विश्वास की उपस्थिति में हुआ था और आज का यह कार्यक्रम इस सत्र का अंतिम और औपचारिक समापन समारोह है। कुलगुरु ने बताया कि पिछले तीन-चार महीनों में तीन बार के प्रयास के बाद अंततः मंत्री विश्वास सारंग का समय मिल पाया। इस अवसर पर हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘उदंत मार्तंड’ समाचार पत्र का एक फ्रेम भी मुख्य अतिथि को भेंट किया गया। सारंग ने अपने भाषण में राष्ट्र निर्माण और व्यक्ति निर्माण पर विशेष जोर दिया। भाषण के अंत में उन्होंने दुष्यंत कुमार की पंक्तियाँ, “हो गई है पीर पर्वत सी पिघलनी चाहिए” और माखनलाल चतुर्वेदी की कालजयी कविता “पुष्प की अभिलाषा” की पंक्तियाँ सुनाकर युवाओं में जोश भर दिया। इस अवसर पर कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी के आग्रह पर सारंग ने विश्वविद्यालय परिसर में एक अत्याधुनिक ‘ओपन जिम’ खुलवाने की घोषणा की। विशेष अतिथि एस. राजू (डायरेक्टर, Indian Collegiate Arts and Athletics Association) ने खेल और प्रदर्शन कला में करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में खेल उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और भविष्य में माखनलाल विश्वविद्यालय के साथ एक एमओयू साइन करने की संभावना है, जिससे छात्रों को खेल पत्रकारिता और अन्य क्षेत्रों में वैश्विक अवसर मिल सकेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत आर्यन वाजपेयी के ओजस्वी काव्य पाठ से हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अक्षता देशपांडे, लावण्या श्रीवास्तव और मोहना ने प्रस्तुतियां दीं।
प्लेसमेंट: विश्वविद्यालय की तरफ से विवेक सावरिकर मृदुल ने प्लेसमेंट को लेकर जानकारी देने के साथ आभार एवं संचालन का दायित्व ने निभाया। कंचन भाटिया, दीपशिखा और हर्ष सहित भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके बाद ‘प्रतिभा 2026’ में भाग लेकर विजयी होने वाले सभी छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
