May 24, 2026
वर्ल्ड

White House के बाहर चालीस राउंड फायर हुए, हमलावर मारा गया

नासिरे बेस्ट नाम के हमलावर पर व्हाइट हाउस क्षेत्र में घुसने पर प्रतिबंध था फिर भी वह संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंच गया था

अमेरिकी राष्ट्रपति के निवास और ऑफिस ‘व्हाइट हाउस’ पर एक के बाद एक हमले जारी हैं और ऐसा ही हमला एक बार फिर तब हुआ जब ट्रंप अंदर ही थे। बताया जा रहा है कि 21 साल के नासिरे बेस्ट ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां चला दीं हालांकि इससे कोई सुरक्षा कर्मी घायल नहीं हुआ लेकिन एक राहगीर जरुर घायल हो गया। सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें हमलावर मारा गया। नासिरे पहले अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिख चुका था कि वो ट्रंप को मार देगा। हालांकि वह मानसिक रुप से बीमार भी बताया जा रहा है और उसके रिकॉर्ड से यह भी सामने आया है कि वह खुद को जीसस क्राइस्ट भी घोषित कर चुका था। इससे पहले उसे व्हाइट हाउस के पास सड़क पर ट्रैफिक रोकने और नियमों का उल्लंघन कर हाई-सिक्योरिटी में घुसने के लिए भी पकड़ा जा चुका था। कोर्ट ने उस पर व्हाइट हाउस इलाके में आने पर पाबंदी लगा रखी थी। व्हाइट हाउस परिसर से ठीक लगी हुई सेवंटीन स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के पास बेस्ट पहुंचा और बैग से हैंडगन निकालकर सीक्रेट सर्विस वालों पर गोलियां चला दीं। बेस्ट और सुरक्षा बलों के बीच लगभग 40 गोलियां चलीं और इसमें से कुछ बेस्ट को लगीं, जॉर्ज वॉशिंगटन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इस बीच व्हाइट हाउस परिसर को तुरंत सील कर दिया। प्रेस कांफ्रेंस की तैयारी कर रहे अफसर और पत्रकार सुरक्षित रहे लेकिन उन्हें मीडिया टेंट में घुस कर या जमीन पर दुबक कर जान बचानी पड़ी।