June 29, 2026
देश दुनिया

Modi की लिखी किताब अब कॉलेज कोर्स में

ज्योतिपुंज को कोर्स की पहली इकाई में पढ़ाया जाएगा, सावरकर, पंडित दीनदयाल और विवेकानंद पर भी चैप्टर

वडोदरा स्थित महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (एमएसयू) के कला संकाय के अंग्रेजी विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत एक नया बीए अंग्रेजी माइनर कोर्स में मोदी की किताब प्रधानमंत्री की किताब ज्योतिपुंज को भी शामिल किया है। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य भारतीय चिंतन, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को अंग्रेजी अध्ययन के दायरे में लाना है। पहली ही इकाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक ‘ज्योतिपुंज’ पर आधारित जीवनी लेखन का अध्ययन कराया जाएगा। इसमें भारतीय समाज और राजनीति में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों की जीवनगाथा को समझने पर जोर रहेगा। दूसरी इकाई में वीर सावरकर की आत्मकथा ‘इनसाइड द एनिमी कैंप’ शामिल है। इसमें उनके व्यक्तिगत अनुभव, कारावास और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान की परिस्थितियों का विश्लेषण होगा। तीसरी इकाई में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की ‘एकात्म मानववाद’ से चुने गए निबंध और व्याख्यान पढ़ाए जाएँगे। इस हिस्से में सांस्कृतिक पुनर्जागरण, समग्र विकास और स्वदेशी सामाजिक-राजनीतिक विचारधारा पर फोकस रहेगा जबकि चौथी इकाई में स्वामी विवेकानंद की रचनाएँ और वेद-उपनिषदों के अंग्रेजी अनुवाद शामिल किए गए हैं ताकि भारतीय आध्यात्मिक और दार्शनिक परंपरा से छात्र परिचित हों। तर्क है कि यह कोर्स छात्रों को भारतीय चिंतन की गहराई और विविधता से जोड़ने का प्रयास है। अंग्रेजी विभाग के अनुसार, अब तक साहित्यिक अध्ययन में पश्चिमी लेखकों और विचारधाराओं पर अधिक ध्यान दिया जाता रहा है। इस नए पाठ्यक्रम के जरिए भारतीय लेखकों और दार्शनिकों की गैर-काल्पनिक रचनाओं को भी समान महत्व दिया जाएगा।