September 27, 2026
देश दुनिया

JPSC से तीन सदस्य हटे, सरकार ने कुछ मांगें मानीं लेकिन अनशन जारी

सीबीआई जांच के लिए सरकार तैयार नहीं लेकिन फिर से परीक्षा को तैयार

झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी) परीक्षा की धांधली पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन का असर अब नजर आने लगा है, झारखंड सरकार ने परीक्षा दोबारा कराने की मांग मान ली है और इस बीच आयोग के तीन सदस्यों से इस्तीफा भी ले लिया है लेकिन अब भी मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए अनशन पर डटे हुए हैं। आयोग से इस्तीफा देने वालों में अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद शामिल हैं जिन्होंने इस्तीफा राज्यपाल को भेजा और वहां इनका इस्तीफा मंजूर हो गया। झारखंड के सीएम का कहना है कि मसला बातचीत से सुलझ सकता है। सीएम हेमंत सोरेन ने जंतर मंतर के संदर्भ देते हुए कहा कि युवा छात्रों की चिंता हमारी चिंता है। छात्रों का प्रतिनिधिमंडल राज्य सरकार से बातचीत कर रहा है, उनकी तरफ से कहा गया है कि सरकार ने कई मांगें मानी हैं हालांकि उम्र में छूट और सीबीआई जांच पर सहमति नहीं बन पाई। सरकार ने रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच की बात कहते हुए यह जोड़ा है कि यदि पैसों के लेनदेन की बात सामने आती है तो इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट को भी शामिल किया जाएगा।