September 1, 2026
Film

FDA ने विमल के विज्ञापन पर शाहरुख, अजय और टाइगर से मांगा जवाब

विमल इलायची के विज्ञापन को सरोगेट की श्रेणी में रखते हुए दिया गया है नोटिस

फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन महाराष्ट्र ने पान मसाले के विज्ञापन पर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को शोकॉज नोटिस दिया है। इन तीनों पर प्रतिबंधित उत्पादों का प्रचार करने का आरोप है। तीनों से 15 दिनों में जवाब मांगा गया है। भ्रामक विज्ञापन की श्रेणी में विमल के विज्ञापन को रखते हुए ये नोटिस दिया गया है। दरअसल एफडीए का मानना है कि भले विज्ञापन में विमल इलायची का विज्ञापन चलाया जाता हो लेकिन यह मूल रुप से विमल पान मसाला का विज्ञापन ही अप्रत्यक्ष तौर पर किया जा रहा है। पिछले साल भारत में पान मसाला मार्केट पांच अरब डॉलर या कहें 48 हजार करोड़ रुपये का था। इससे पहले 2021 में अमिताभ बच्चन ने भी एक ऐसा ही विज्ञापन किया था और उनसे भी सरोगेट विज्ञापन को लेकर जवाब तलब किया गया था। अमिताभ ने अपने से पहले ऐसे ही मामले में फंस चुके हॉलीवुड एक्टर पियर्स ब्रॉसनन की तर्ज पर जवाब देते हुए कहा कि उन्हें शूटिंग के दौरान पता नहीं था कि ये सरोगेट विज्ञापन है लेकिन सवाल यह है कि जब भारत में पान मसाला, तंबाकू, सिगरेट और शराब के विज्ञापन बैन हैं तो ये कथित स्टार इनके विज्ञापन क्यों और कैसे कर लेते हैं। ‘सिगरेट एंड अदर टोबैको प्रोडक्ट्स एक्ट (COTPA) 2003’ ऐसे अप्रत्यक्ष विज्ञापनों पर भी रोक लगाता है। एडवर्टाइजिंग एंड स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया की गाइडलाइंस के तहत तो हर उस उत्पाद का प्रचार नहीं किया जा सकता जिन पर कानूनन स्वास्थ्य चेतावनी छपी हो।