Desert Warrior अब तक की सबसे फ्लॉप फिल्म
सउदी अरब ने बड़े स्टार्स और क्रू के साथ हॉलीवुड को टक्कर देने वाली फिल्म बनाई जो हुई अब तक की सबसे बड़ी फ्लॉप
सऊदी अरब ने हॉलीवुड सितारों और भारी बजट के साथ एक एक्शन फिल्म ‘डेजर्ट वॉरियर’ बनाई, उम्मीद की गई थी कि 1400 करोड़ रुपये के बजट से बनी यह फिल्म पूरी दुनिया में धूम मचा देगी और हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों को भी टक्कर देगी लेकिन अब इस फिल्म का नाम अब तक की दुनिया की सबसे बड़ी फ्लाप फिल्म के बतौर लिया जा रहा है। दरअसल 1400 करोड़ की इस फिल्म को जब प्रदर्शन के लिए उतारा गया तो महज वसूली में छह करोड़ रुपये हाथ आए। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर सितंबर 2025 में ज्यूरिख फिल्म फेस्टिवल में किया गया और पिछले महीने इसे अमेरिका में रिलीज किया गया। डायरेक्टर रूपर्ट वायट की डेजर्ट वॉरियर की कहानी सातवीं शताब्दी की है। जिसमें एक राजकुमारी एक योद्धा की मदद से सम्राट के खिलाफ लड़ती है। फिल्म को सऊदी की मीडिया कंपनी एमबीसी स्टूडियोज के साथ वर्ल्ड फिल्म प्रोजेक्ट बतौर बनाया गया था। 500 क्रू सदस्यों ने रेगिस्तान में युद्ध के दृश्य रचने में ही करोड़ों का खर्च कर डाला था लेकिन दोबारा फिल्मांकन के कारण इसमें काफी देरी भी हुई और इसका बजट भी बढ़ता गया और आखिर यह 1400 करोड़ रुपये में बनी। जॉन कार्टर और मॉर्टल इंजिन्स जैसी कई महंगी फिल्मों को पहले भारी नुकसान उठाना पड़ा था लेकिन डेजर्ट वॉरियर अपने बजट का एक प्रतिशत से भी कम वसूल कर पाई, जिससे यह विश्व सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी फ्लॉप हो गई है।
