Infosys पर फ्रांस में लगा बड़ा जुर्माना, कर्मचारियों की टाइम कीपिंग में गड़बड़
लगभग दो करोड़ रुपए का जुर्माना लगने की सूचना इंफोसिस प्रबंधन ने सेबी को दी
भारतीय आईटी कंपनी ‘इन्फोसिस’पर फ्रांस सरकार ने लगभग 1.92 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर आरोप है कि कर्मचारियों के काम के समय को रिकॉर्ड और मॉनिटर करने वाले सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ियों के चलते यह जुर्माना लगाना पड़ा है। इन्फोसिस ने सेबी को इस पेनल्टी के बारे में खुद बताया है। इन्फोसिस को फ्रांस के श्रम नियामक प्राधिकरण ने जुर्माना भरने को कहा है क्योंकि वर्किंग टाइम रिकॉर्डिंग सिस्टम स्थानीय कानूनी मानकों पर खरा नहीं उतरता और इसमें खामियां मिलीं। इन्फोसिस ने शेयर होल्डर्स से कहा है कि इस जुर्माने से कंपनी के संचालन या सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। यूरोपीय देशों में कर्मचारियों के काम के घंटे दर्ज करने, उनकी कार्य स्थिति सुनिश्चित करने और ऑडिट ट्रेल के सख्त नियम हैं। श्रम विभाग रिकॉर्ड-कीपिंग टूल्स जांचते हैं और तकनीकी चूक पर बड़ी पेनल्टी लगती है।
