Bisleri का पानी या कैंसर का खतरा- FSSAI ने दी केस की मंजूरी
कंपनी का दावा उसके द्वारा बेचा जा रहा पानी पूरी तरह सुरक्षित, मामला 14 महीने पुराना ब्रोमेट और पीएएच पर सवाल
एफएसएसएआई ने पैकेज्ड वॉटर के भारत के सबसे बड़े ब्रांड ‘बिसलेरी’ के पानी के सैंपल असुरक्षित’बता दिया है। गोवा में लिए गए सैंपल का एफएसएसएआई ने लैब टेस्ट कराया और पाया कि इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है। अब कंपनी पर अभियोजन की मंजूरी भी एफएसएसएआई ने दे दी है। बिसलेरी की तरफ से सफाई पेश करते हुए कहा गया है कि उनकी कंपनी से जारी पानी सुरक्षित है और यह मामला न सिर्फ 14 महीने से चल रहा है बल्कि इसमें कंपनी को अब तक एफएसएसआई की तरफ से कोई नोटिस तक नहीं मिला है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर लैब टेस्ट में ऐसा क्या मिला कि एफएसएसएआई ने मुकदमे तक की अनुमति दे दी है।
दरअसल, लैब टेस्ट की रिपोर्ट में एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई है और यह तत्व कैंसरकारक माना जाता है। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के हिसाब से ऐसा पानी असुरक्षित होता है। वैसे बिसलेरी के पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी भी चिंता पैदा करती है। उधर कंपनी का कहना है कि वह अपने सभी 143 सोर्स पर 90 से ज्यादा कड़े परीक्षण करते हुए सभी मानकों पर खरा पानी ही बेचती है। कंपनी का यह भी दावा है कि छह में से सिर्फ एक नमूने में ब्रोमेट 10 की जगह 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला और इस सैंपल को भी जब रेफरल फूड लैब में तय सीमा में ही ब्रोमेट मिला। बिसलेरी के दो साल पहले के आंकड़े बताते हैं कि इसका सालाना लाभ 316.95 करोड़ का था और इसकी रेवेन्यू 2814.04 करोड़ रही।
ब्रोमेट और पीएएच लेवल ज्यादा होने से जी मिचलाने, उल्टी, पेट दर्दके अलावा गुर्दे और श्रवण क्षमता तक पर असर पड़ सकता है जबकि पीएएच से प्रजनन तंत्र और इम्यून सिस्टम पर खतरे के अलावा भी गंभीर दिक्कतें हो सकती हैं। पानी में इनकी मौजूदगी देखने या सूंघने या चखने से नहीं पता चल पाती है जो लैब टेस्ट से ही पता चल पाती है। यदि एफएसएसएआई का दावा सच है तो बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चल सकता है। आने वाले समय में देश भर के विभिन्न पैकेज्ड वॉटर के सैंपल जांचे जाएंगे और कार्रवाई की जाएगी। अमेरिका में ऐसा मामला सामने आने पर सार्वजनिक मामला चलाया जाता है और उपभोक्ताओं के लिए अलर्ट भी दिया जाता है। पांच साल पहले रियल वॉटर के पानी में गड़बड़ी मिलने पर कंपनी ने सारे लॉट वापस बुलाए थे और जांच पूरी होने तक प्रोडक्शन भी बंद कर दिया था।
