July 14, 2026
देश दुनिया

WAQF में जमीनों के बड़े घोटाले, सही तरीके से जांच हो- रजवी

सिर्फ वक्फ की जमीनों का सही तरीके से इस्तेमाल हो तो मुस्लिमों की गरीबी दूर हो सकती है

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा है कि राममंदिर से हुई दान चोरी से कहीं बड़ा मामला वक्फ बोर्ड्स में चल रहा है और इसमें सुन्नी और शिया, दोनों तरह के वक्फ बोर्ड शामिल हैं। सीएम योगी को पत्र लिखकर रजवी ने इन घोटालों की गहन जांच कराने की मांग के साथ कहा कि पूरी जांच हुई तो बहुत बड़ा घोटाला निकलेगा। रजवी ने सीधे समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार के समय में वक्फ प्रॉपर्टी की अवैध खरीद बिक्री खूब हुई। उन्होंने मुलायम के तीन और अखिलेश के एक बार मुख्यमंत्री रहने के दौरान वक्फ जमीनों में हेरफेर के सबसे ज्यादा मामले होने की बात कही और बताया कि चूंकि हर बार आजम खां के पास अल्पसंख्यक, वक्फ और हज मंत्रालय रहे तो आजम ने अपने पसंद के ऐसे लोगों को वक्फ में चेयरमैन और सदस्य बनाया जो ऐसे धंधों में शामिल थे। रजवी के अनुसार वक्फ की जमीनें गरीब, कमजोर और यतीम लोगों की होती हैं। इन पर स्कूल, अस्पताल वगैरह बनने थे लेकिन लुटेरों ने वक्फ की जमीनों के सौदे कर डाले। उन्होंने कहा ऐसे दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।