July 8, 2026
वर्ल्ड

Indonesia के राष्ट्रपति को ही ठग लिया गौरव ने

फाइटर प्लेन दिलाने के नाम पर इंडोनेशियाई राष्ट्रपति से भारतीय ने ठगे 425 करोड़

भारत के कथित कारोबारी गौरव श्रीवास्तव के मामले में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि उसने इंडोनेशियन राष्ट्रपति से इस नाम पर 425 करोड़ की ठगी कर ली कि वह भारत से फाइटर प्लेन जैसे रक्षा सौदे करा देगा। गौरव ने तत्कालीन रक्षामंत्री (और अब राष्ट्रपति) सुबियांतो को भरोसा दिया कि वह भारत से इंडोनेशिया के कई रक्षा सौदे करा देगा जिनमें एफ-15 लड़ाकू विमान, ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और मिलिट्री कमांड सिस्टम जैसी चीजें भी शामिल हैं। सुबियांतो को उस पर इतना भरोसा था कि उन्होंने यह भी नहीं देखा कि जिन कंपनियों के नाम पर वह रक्षा सौदों की बात कर रहा है वो सभी चार कंपनियां फर्जी हैं। यह फर्जीवाड़ा 2020 से 2022 के बीच का है। अमेरिका में भी गौरव के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं लेकिन अब तक सामने आए मामलों में से यह उसका सबसे बड़ा फर्जीवाड़ा है। गौरव खुद को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस जैसे बड़े लोगों का करीबी बताता था। हालांकि जो फोटो इन लोगों के साथ दिखाकर वह खुद को इनका करीबी बताता था वो सभी राजनीतिक चंदा देकर, सार्वजनिक कार्यक्रमों आदि में खिंचवाई गई निकलीं।