Yellow Line से युद्धविराम के दौरान बढ़ा लेबनान और इजराइल में तनाव
लेबनान के दस किलोमीटर सीमा के अंदर तक इजराइली सैनिकों के लिए खास जगह की है यलो लाइन
लेबनान पर जारी हमले भले इजराइल ने रोक दिए हों लेकिन उसने इस युद्धविराम के दौरान एक ऐसा काम कर दिया है जिसने हिजबुल्ला की नींद उड़ा दी है। इजराइल ने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में ‘फॉरवर्ड डिफेंस लाइन’ की पीली रेखा खींच दी है। इजराइल सेना ने जो नक्शा जारी किया है उसके मुताबिक लेबनान की सीमा के दस किलोमीटर अंदर तक का हिस्सा अब इजराइल के सैनिकों के कब्जे में है। हिजबुल्लाह को खत्म करने का उद्देश्य बताते हुए इजराइल ने इसे अब यलो लाइन बताया है जबकि लेबनान और हिजबुल्लाह इसे कब्जा बता रहे हैं। इजराइल के 46 दिन तक चले हमलों के बाद दस दिन के युद्धविराम पर समझौता हुआ है लेकिन इस यलो लाइन ने तनाव फिर बढ़ा दिया है। हालांकि अब तक का इजराइल का रिकॉर्ड यही रहा है कि हर युद्ध के बाद उसके नक्शे में भले मामूली सा ही हो लेकिन बदलाव जरुर होता है। उधर हिजबुल्लाह की तरफ से कहा जा रहा है कि युद्धविराम एकतरफा नहीं है, इजरायल उल्लंघन करेगा तो हम जवाब देंगे। फ्रांस, कनाडा और कुछ यूरोपीय देश कह भी रहे हैं कि इजराइल को समझौते के दौरान यलो लाइन जैसा काम नहीं करना चाहिए लेकिन इजराइल का कहना है कि उसके लिए आत्मरक्षा पहली प्राथमिकता है।
