March 27, 2026
वर्ल्ड

Balendu Shah ने संभाली नेपाल की कमान

काठमांडू के मेयर रहे बालेंद्र रैपर हैं और 2022 में ही राजनीति में आए हैं
बालेंद्र शाह के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही नेपाल में नई सरकार अस्तित्व में आ गई है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के नेता बालेंद्र उर्फ बालेन शाह को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने काठमांडू स्थित राष्ट्रपति कार्यालय के भव्य समारोह में पद की शपथ दिलाई। बालेन नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री हैं। शपथ ग्रहण समारोह हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात शंखनादकों की शंख ध्वनि के साथ हुआ। शाह के नेतृत्व में फिलहाल 14 मंत्री होंगे जिनमें सुदन गुरुंग गृह मंत्री हो सकते हैं। के पी शर्मा ओली को रिकॉर्ड अंतर से हराकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे शाह महज तीन साल पहले राजनीति में कदम रखा था और काठमांडू के मेयर का चुनाव निर्दलीय जीत लिया था। 27 अप्रैल 1990 को जन्मे शाह ने बैचलर डिग्री नेपाल से और स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री भारत से ली है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की भारी जीत और शाह की नियुक्ति नेपाली राजनीति में बड़े बदलाव की शुरुआत है। उनकी पृष्ठभूमि और जनसमर्थन के चलते उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे सुशासन और विकास का नया दौर लाएंगे।