March 23, 2026
वर्ल्ड

Iran को व्यापार नियमों की याद दिलाने 22 देश आए एक साथ

जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर 22 देशों ने चिंता जताई

पूरी दुनिया के व्यापार पर असर डाल रही होर्मुज स्ट्रेट की बंद आवाजाही को लेकर अब 22 देशों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए ईरान की रोक पर कड़ा विरोध जताया है। जिन देशों ने इस संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर किए हैं उन देशों में संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, जापान, कनाडा, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड, डेनमार्क, लातविया, स्लोवेनिया, एस्टोनिया, नॉर्वे, स्वीडन, फिनलैंड, चेकिया, रोमानिया, बहरीन, लिथुआनिया और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इस बयान में कहा गया है कि ईरान का व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना और होर्मुज क्षेत्र से जहाजों को न निकलने देने की जिद करना निंदनीय है। बयान में इस बात का भी जिक्र है कि ईरानी सेना ने तेल और गैस संयंत्रों जैसे नागरिक बुनियादी ढांचों पर निशाना साधा है जो चिंता की बात है। सभी देशों ने ईरान से धमकियां देना बंद करने को कहा है। ईरान को समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने, जहाजों पर हमले करने और व्यापारिक रास्तों को रोकने से बाज आने को कहा गया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का पालन करने की सलाह देते हुए इन देशों ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार समुद्र में जहाजों की आवाजाही बुनियादी अधिकार है और इन्हें रोकना नियमों के अनुसार बहुत गलत है। इन 22 देशेां ने चेतावनी के साथ कहा कि वे होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही की हर कोशिश करेंगे।