Indore में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, आठ लोग मारे गए
ई कार के चार्जिंग वाले पाइंट से हुए शॉर्ट सर्किट के चलते हादसा होने की आशंका
इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स आवासीय क्षेत्र में बुधवार तड़के एक घर में भीषण आग से आठ लोगों की मौत हो गई और तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सहायता देने की कोशिश की लेकिन आठ लोगों को बचाया नहीं जा सका। इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया है कि आग के बीच से तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर की ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है. आग बुझने के बाद अब कूलिंग प्रक्रिया और मलबे की जांच की जा रही है. आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ हादसा है जिसमें एक ई कार के चार्जिंग स्टेशन से शॉर्ट सर्किट ने विकराल रुप ले लिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग कैसे लगी और क्या सुरक्षा मानकों के पालन में कोई चूक हुई थी। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रभावित परिवारों को पूरी मदद देने का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, उसने विकराल रूप ले लिया था।
