April 15, 2026
इंदौर

Sustainable Development Week 15 अप्रैल से 21 अप्रैल तक मनाया जाएगा

जिम्मी मगिलिगन स्मृति में पिछले पंद्रह साल से लगातार हो रहा है यह आयोजन
ऑर्डर ऑफ ब्रिटिश एम्पायर से सम्मानित जिम्मी मगिलिगन की 15 वीं पुण्यतिथि पर जिम्मी और जनक मगिलिगन फाउंडेशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट द्वारा ” जिम्मी मगिलिगन स्मृति सस्टेनेबल डेवलपमेंट सप्ताह” गिरिदर्शन सनावदिया में सोलर कुकिंग फूड फेस्टिवल से आरम्भ होगा। सप्ताह भर के कार्यक्रमों के बाद इसका समापन 21 अप्रैल को प्रार्थना सभा से होगा। मूल रुप से उत्तरी आयरलैंड के निवासी जिम्मी इंदौर में बरली डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट फ़ॉर रूरल विमेन के मैनेजर रहे । इस दौरान जिम्मी ने 25 वर्षों में 6000 गरीब , निरक्षर आदिवासी लड़कियों को समग्र विकास के लिए प्रशिक्षित किया जो आज आत्मनिर्भर हैं। बरली के 6 एकड़ के परिसर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के मॉडल बतौर सामने रखने में उनकी प्रमुख भूमिका रही ।
मध्य भारत में 1998 में सबसे बड़ा सोलर किचन बनाने में वे अग्रणी रहे। सनावदिया में उन्होंने अपना सस्टेनेबल घर बनाया जिसमें सोलर और विंड पावर स्टेशन भी बनाए जो पास गांव के 50 आदिवासी परिवारों में स्ट्रीट लाईट की आपूर्ति करते हैं। 2011 में जिम्मी के निधन के बाद उनकी पत्नी जनक पलटा मगिलिगन ने उनके कामों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और उनकी याद में हर साल सस्टेनेबल डेवलपमेंट वीक मनाने का प्रण लिया। स्वच्छता, सस्टेनेबिलिटी, पर्यावरण संरक्षण, कचरामुक्त जीवन, पानी बचाने, रसायनमुक्त खेती और जलवायु संरक्षण जैसे विषयों पर आयोजित होने वाले इस सप्ताह के तहत इस बार 16 अप्रैल को एक्रोपोलिस इंस्टीट्यूट, 17 अप्रैल को श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्विद्यालय, 18 अप्रैल को रहेजा सोलर फ़ूड परिसर पालदा, 19 अप्रैल को लाइफ केयर हॉस्पिटल इंदौर, 20 अप्रैल को देवी अहिल्या विश्विद्यालय के पत्रकारिता व- जनसंचार विभाग में विविध विषयों पर कार्यक्रम होंगे। इनमें विख्यात सोलर इन्जीनियर दीपक गढ़िया व सोलर इन्जीनियर डॉ अजय चांडक मुख्य वक्ता होंगे।