October 17, 2026
इंदौर

बाबा रणजीत की यात्रा में जनसैलाब उमड़ा

लाखों की भीड़ से जयश्रीराम, जय हनुमान और जय रणजीत का सिंहनाद
इंदौर की आस्था के केंद्र बाबा रणजीत हनुमान की आज भोर में निकली सवारी ने लोगों के शामिल होने का रिकॉर्ड कायम कर डाला. रणजीत हनुमान मंदिर के कुछ किलोमीटर के दायरे में लगभग सवा सौ साल से निकलने वाली इस यात्रा में अब तक की सबसे ज्यादा संख्या देखी गई और ऐसा लग रहा था मानो पूरा इंदौर इस दर्शन लाभ के लिए उमड़ पड़ा हो. पिछले कुछ सालों में रणजीत हनुमान से निकलने वाली इस यात्रा में जो भक्तिमय वातारणा दिखाई दे रहा है वह अनूठा होता जा रहा है. युवाओं की टोलियां, श्रद्धालुओं का सैलाब और बाबा के आशीष ने इस यात्रा को एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया है.

एक दशक पहले तक हनुमानजी की फोटो के साथ यात्रा निकाली जाती थी लेकिन पिछले एक दशक से बाकायदा विग्रह के साथ बाबा लोगों के हाल जानने निकलते हैं. ढोल, नगाड़ों से लेकर आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच जब बाबा रणजीत जब इंदौरियों का हाल जानने निकलते हैं तो यह एक ऐसा अनुभव होता है जिससे हर इंदौरी रुबरु होना चाहता है और एक झलक से तृप्त महसूस करता है. इंदौर जिन ऐसे आयोजनों के लिए प्रसिद्ध रहा है उनमें अब इस रणजीत यात्रा की संख्या सभी को पीछे छोड़ती नजर आ रही है. जयश्रीराम के सिंहनाद और जय रणजीत की गुंजायमान आवाजों के बीच जिन्होंने भी बाबा रणजीत के दर्शन लाभ लिए हैं वे मानते हैं कि यह एक अलौकिक सुख है जिसे शब्दों से बता पाना मुश्किल है.