November 14, 2026
देश दुनिया

Belongings में घूरने और नजरें फेरने की बातें, क्या है सामाजिक मान्यताएं

सोनिया गांधी की किताब में कहा गया है क्लिंटन महिलाओं को घूरते थे, मोदी देखते तक नहीं

ऐसा नहीं कि देखने और घूरने के फर्क की चर्चा पहले कभी नहीं हुई लेकिन अब सोनिया गांधी की किताब ‘बिलांगिंग्स’ने राजनीतिक बातों के उफान के साथ इस बात को भी फिर सामने रख दिया है कि आखिर देखने की सीमा कहां खत्म होती है और घूरना की सीमा कहां से शुरु होती है। सोनिया ने प्रधानमंत्री को लेकर कहा है कि वे नजरें ही नहीं मिलाते हैं जबकि वो पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को लेकर लिखती हैं कि वो सुंदर महिलाओं को घूरते रहते थे। बस इसी बिंदु पर मुझे शायद दशकों पहले निकलने वाली एक मैगजीन ‘जेंटलमैन’ का एक लेख याद आया जिसमें बताया गया था कि कैसे अमेरिका की ही एक यूनिवर्सिटी में लड़कियों ने प्रोफेसर की इस बात के लिए शिकायत की कि वे हमें घूरते हैं और उन सज्जन पर कार्रवाई हो गई वहीं दूसरी यूनिवर्सिटी में एक अन्य प्रोफेसर के खिलाफ लड़कियों की शिकायत थी कि प्रोफेसर साहब उन्हें उचित तरीके से देखते तक नहीं हैं यानी आई कॉन्टेक्ट ही नहीं करते, इसका मतलब यह निकाला गया कि प्रोफेसर साहब के मन में लड़कियों को लेकर कुछ ऐसा है जो नहीं होना चाहिए।

जाहिर है इन प्रोफेसर पर भी कार्रवाई हुई। दरअसल देखने और घूरने के बीच अंतर बड़ा दिलचस्प है। मोटे तौर पर कितने सेकंड किसी को देखा जाए इसकी कोई सीमा नहीं है। इसमें एक सेकंड तक देखने को सामान्य नजर पड़ने की तरह माना जाता है। एक से तीन सेकंड तक देखने को ध्यान देने या पहचानने के लिहाज से ठीक माना जाता है। तीन सेकंड से पांच सेकंड तक देखने को संपर्क में रुचि या आकर्षण से जोड़ा जाता है लेकिन इसके बाद शुरु होता है असली खेल। पांच सेकंड से ज्यादा जब आप लगातार किसी को देखते हैं और मामला महिला और पुरुष के मामले में असहजता तक भी जा सकता है और दस सेकंड तक लगातार देखना घूरने की श्रेणी में रखा जा सकता है। यानी पांच से दस सेकंड तक किसी को देखना असामान्य नहीं है लेकिन बिना बातचीत के कोई अजनबी लगातार पैनी निगाहों से देखते रहे तो यह अनुभव घूरने का सा अहसास दे सकता है और यह भी जरुरी नहीं कि ऐसा ही होगा क्योंकि तब दोनों के बीच की भावनाएं, माहौल जैसे कई सारे फैक्टर होंगे जो तय करेंगे कि यह वाकई घूरना था। जिनेवा विश्वविद्यालय का एक प्रयोग बताता है कि दो लोगों की निगाहें सामान्य परिस्थिति में मिलें तो वास्तविक समय से कम का अहसास होता है यानी आपने किसी की आंखों में दो सेकंड देखा तो आपको लगेगा कि अभी तो एक ही पल बीता है। ऐसे कई सारे तथ्य जोड़कर 2015 में एक शोध किया गया जिसमें पाया गया कि 3.3 सेकंड तक तो ठीक है लेकिन इससे ज्यादा लगातार देखने से असहजता बढ़ने लगती है। आई ट्रैकिंग के तथ्य बताते हैं कि आमतौर पर आंखों का एक बार लगातार मिलना औसतन सिर्फ 0.36 सेकंड का होता है यानी जो सुरक्षित सीमा मानी जाती है उससे दस गुना तक कम और यह आंखों में आंखें डालकर देखने वाले प्रयोगों की बात नहीं है। इटली के मनोवैज्ञानिक ज्योवानी कापूटो ने इससे आगे जाने की ठानी यानी अपने प्रयोग में उन्होंने आपस में प्रेम होने का दावा करने वाले बीस जोड़ों को लगातार दस मिनट तक कम रोशनी वाले कमरे में एक-दूसरे की आंखों में देखने को कहा गया। प्रयोग में शामिल अधिकतर लोगों ने कहा कि उन्हें कुछ ही समय बाद सामने वाले का चेहरा विकृत दिखने लगा। किसी ने इस अनुभव को इस तरह बताया कि उन्हें सामने वाला राक्षसी आकृति में बदलता दिखा तो किसी ने कहा कि सामने वाले का चेहरा बदलने और किसी ने किसी दूसरे व्यक्ति की छवि उसमें दिखने के अनुभव दर्ज कराए। यानी एकटक देखने से हमारी दृश्य अनुभूति बदल जाती है। इस संदर्भ में इरविंग गॉफमैन ने सिविल इनअटेंशन की भी थ्योरी दी जो बताती है कि एक लिफ्ट में आप आसपास एक नजर देखकर तुरंत निगाह हटा लेते हैं और लगभग हर व्यक्ति ऐसा ही करता है। ऐसा करते हुए आप सामने वाले को और सामने वाला आपको बताने की कोशिश में होते हैं कि ‘मैंने आपको देख तो लिया है, लेकिन मैं आपकी निजी सीमा में दखल नहीं दे रहा हूं।’ किंग्सले एमिस जैसे लेखक का कहना था कि किसी अजनबी पर निगाह दो सेकंड से अधिक नहीं रुकनी चाहिए जबकि तीन सेकंड से लेकर पांच सेकंड तक की छूट प्रयोग देते हैं। यानी 0.36 सेकंड, दो सेकंड, 3.3 सेकंड, और पांच से दस सेकंड तक किसी को लगातार देखने की छूट आपको मिलती है और ऐसे में आपके विवेक पर ज्यादा निर्भर होता है कि आप किस माहौल में, किस व्यक्ति के साथ और किन परिस्थितियों में किसे कितनी देर देखने का निर्णय लेते हैं। बस इतना ध्यान रखिए कि सोनिया जी का आरोप है मोदी देखते तक नहीं और बिल क्लिंटन घूरते थे।