NVIDIA के चीफ फंसे अफेयर में, मामला चीन के लिए जासूसी तक पहुंचा
- आदित्य पांडे
- 41 साल से पत्नी लॉरा के लॉरा के साथ रह रहे जेन्सन हुआंग के अफेयर ने अमेरिका के उड़ाए होश
एआई की दुनिया में जेन्सन के अफेयर का भूचाल
एनवीडिया कंपनी को सिर्फ चिप बनाने वाली कंपनी ही नहीं समझा जाता है बल्कि यह एआई यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए सबसे जरुरी हथियार बनाने वाली कंपनी होने के साथ सबसे मूल्यवान कंपनियों में भी शामिल रहती है और नंबर एक पर बने रहने के लिए इसकी एप्पल से टक्कर चलती रहती है लेकिन अब इस कंपनी को बनाने वाले और फिलहाल सीईओ जेन्सन ऐसे आरोपों से घिर गए हैं जिन्होंने कंपनी को ही खतरे में डाल दिया है। दरअसल जेन्सन हुआंग के एक चीन की कारोबारी महिला से रिश्तों का खुलासा होने के बाद बात चीन के लिए जासूसी तक पहुंच गई है और इसने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा सहित कई मामलों में जेन्सन हुआंग को उलझा दिया है। जेन्सन ने यह तो मान लिया है कि उनके संबंध एलिस हुआंग से थे लेकिन अब बात सिर्फ संबंधों की नहीं रह गई है जिसके लिए वे अपनी पत्नी से माफी मांग रहे हैं बल्कि मामला यह हो गया है कि क्या जेन्सन जो बातें एलिस से साझा करते थे वो सारी जानकारियां चीन तक पहुंच जाती हैं थीं और क्या चीन इस जासूसी कांड के पीछे था। सबसे बड़ी टेक कंपनी, ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट, एआई चिप्स, बड़े बड़े डाटा सेंटर, गेमिंग और ऑटो सेक्टर से लेकर कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म्स तक के लिए सॉल्यूशन देने वाली एनवीडिया को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की दुनिया में क्रांति लाने का श्रेय है। जेन्सन पर जासूसी का संदेह अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को कुछ समय से हो गया था लेकिन मामला इस तरह सामने आएगा इस बारे में तो किसी ने नहीं सोचा था। एनवीडिया के बोर्ड ने जासूसी के आरोपों और एलिस से संबंधों के मामले की स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की है और यह भी कहा है कि जासूसी के प्रमाण अब तक नहीं मिले हैं लेकिन बात अब बेहद बिगड़ तो चुकी ही है। जेन्सन हुआंग ने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों को ईमेल करते हुए मामना है कि उन्होंने पत्नी के साथ धोखा किया है और अपनी पत्नी को लिखे पत्र में उनसे भी माफी मांगी है लेकिन भरोसा दोबारा हासिल करने की जो उम्मीद उन्होंने जताई है वह अब संभव नहीं लगती। दरअसल बात इतनी सीधी है भी नहीं, जिस एलिस हुआंग के साथ जेन्सन के अफेयर की बात सामने आई है वह सिंगापुर की मेगा स्पीड कंपनी से जुड़ी रही हैं जो एनवीडिया की ग्राहक कंपनी रही है जबकि एलिस के बारे में कहा जाता है कि उनके चीन की खुफिया एजंसियों से सीधे संबंध रहे हैं और वह जेन्सन से मिली जानकारियां उन तक पहुंचाया करती थीं। अमेरिका और चीन के बीच एआई के मामले में इतनी ज्यादा प्रतिस्पर्धा है कि चीन को चिप न मिल सके इसके पक्के इंतजाम अमेरिका ने कर रखे हैं, ऐसे में एनवीडिया के मुखिया से ही चीजें लीक होकर चीन को मिल जाएं तो यह अमेरिकी एजेंसियों के लिए भी बड़ा झटका है। दरअसल जेन्सन और उनकी पत्नी लॉरी 41 साल से साथ हैं यानी जब जेन्सन सिर्फ 17 साल के थे तब ऑरेगॉन स्टेट यूनिवर्सिटी की इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग पढ़ाई में लैब पार्टनर रहीं लॉरा उनकी जीवनसाथी भी बन गईं। लॉरा खुद बेहतरीन चिप डिजाइनर रही हैं और एचपी के लिए काम भी करती रही हैं। अब जेन्सन ने कहा है कि चार दशके साथ में कई बार अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। जेन्सन ने अपने बच्चों स्पेंसर और मैडिसन से भी माफी मांगी है और जिस तरह की उनके परिवार की बुनावट रही है उसमें यह भी संभव है कि लॉरा, स्पेंसर और मैडिसन उन्हें माफ कर भी दें लेकिन अमेरिकी की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने और सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स की जानकारियां चीन तक पहुंचाने की बात साबित हो जाती है तो यह जेन्सन ही नहीं एनवीडिया के लिए भी किसी अंत की ही शुरुआत होगी। फिलहाल Nvidia के बोर्ड ने हुआंग को पद से हटाने का कोई संकेत नहीं दिया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्र निदेशकों की समिति बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच करेगी। टेक कंपनियों के हिसाब से भी देखें तो यह मामला काफी बड़ा है। 1993 में जेन्सन ने एनवीडिया की शुरुआत की थी और आज सभी बड़ी टेक कंपनियां अपने एआई मॉडल के लिए एनवीडिया की चिप पर निर्भर हैं, ऐसे में जेन्सन हुआंग का भविष्य सीधे सीधे एनवीडिया कंपनी का भविष्य भी तय करेगा यदि एलिस द्वारा जानकारियां चीन तक पहुंचाए जाने की बात साबित नहीं हो पाती है तब तो फिर भी कोई अच्छी संभावना हो सकती है लेकिन यदि चीन को इससे जरा भी फायदा हुआ है तो तय मानिए कि जेन्सन और एनवीडिया बड़े खतरे में हैं।
