6.5 करोड़ साल पुराना जीवाश्म, चीन में अब तक का सबसे पुराना एंबर मिला
पेड़ों के प्राकृतिक रेजिन में दबे जीवों व कोशिकाओं से मिलती है पृथ्वी उत्पत्ति और विकास की कहानी की जानकारी
चीन में मिली एक दुर्लभ चीज ने दुनिया भर के वैज्ञानिकों को उत्साहित कर दिया है। दरअसल लगभग 6.5 करोड़ साल से ज्यादा पुरानी यह चीज और कुछ नहीं बल्कि एम्बर है। जब पेड़ पौधों को कोई चोट लगती है तो प्राकृतिक तौर पर एक पदार्थ निकलता है जिसे रेजिन कहा जाता है। मान लें कि यह रेजिन पृथ्वी पर गिरा और उसमें कोई कीट या मच्छर वगैरह पूरी तरह दब गया और समय की परतें उस पर चढ़ते चढ़ते करोड़ों साल का समय बीत गया लेकिन उस रेजिन के अंदर दबे कीट वैसे ही सुरक्षित रह जाते हैं या कह लें कि प्राकृतिक तौर पर उनकी ममी बन जाती है। इसी को एम्बर और प्रकृति का टाइम कैप्सूल कहते हैं। इनका अध्ययन पृथ्वी की उत्पत्ति से लेकर अब तक के विकास की कहानी समझने में काफी महत्व का होता है। रेजिन के अंदर दबे कीट पतंगे अक्सर इस तरह फंस जाते हैं कि उनकी इस ममी को न तो ऑक्सीजन लगती है और न हवा पानी। इसलिए इनकी बनावट और सेल वगैरह वैसे ही मिल जाते हैं। डायनासोर का भी पता ऐसे ही एंबर के अध्ययन से चला था। साइंस एडवासेंज के रिसर्च में बताया गया है कि चीन में मिला यह एम्बर अब तक सबसे पुराना है।
