Karnataka के दूसरे सबसे बड़े पुलिस अफसर की रंगीन मिजाजी
राम्या राव जेल में पिता रंगीन वीडिया के चलते निलंबित
कर्नाटक पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. के. रामचंद्र राव को निलंबित कर दिया गया है। मार्च 2025 में राव की बेटी कन्नड़ अभिनेत्री राम्या राव को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर करोड़ों रुपये की सोना तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गय था। उस समय आईपीएस राव को अनिवार्य छुट्टी पर भेजा गया था। उनकी बहाली के बाद वे अब एक नए विवाद में उलझ गए हैं,सोमवार को सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुए, जिनमें डॉ. राव को अपने सरकारी कार्यालय में एक महिला के साथ अनुचित स्थिति में देखा गया। वीडियो सामने आते ही कर्नाटक सरकार ने राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग को जांच के आदेश दिए। निलंबन आदेश में कहा गया है कि राव का आचरण ‘अखिल भारतीय सेवा नियमावली’ के विरुद्ध पाया गया है, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई है। 1993 बैच के अधिकारी डीजीपी रैंक के हैं। डॉ. राव ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने वीडियो को ‘फर्जी और मॉर्फ्ड’ बताया है और कहा है कि यह उन्हें बदनाम करने के लिए षड्यंत्र है। राव ने कहा कि मेरे रिटायरमेंट से कुछ महीने पहले मुझे निशाना बनाने की कोशिश है। राव ने राज्य के गृह मंत्री को अपनी सफाई देने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया। विपक्षी दल भाजपा ने इस घटना को पुलिस विभाग पर ‘काला धब्बा’ बताया है। भाजपा नेता एस. सुरेश कुमार ने कहा कि वीडियो की पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय ध्वज और पुलिस प्रतीक चिन्ह का दिखना शर्मनाक है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि विभाग की गरिमा बहाल की जा सके।
