February 11, 2026
देश दुनिया

Uttarakhand के विधायक के बेटे ने खुद पर हमला कराया

परिवार की सहानुभूति पाने के लिए रचा नाटक और दोस्तों से खुद पर हमला करने के लिए कहा

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के पार्षद बेटे सौरभ बेहड़ पर पिछले दिनों हुए हमले को लेकर राजनीति तेज थी लेकिन अब इमे ऐसा मोड़ आ गया है कि खुद विधायकजी ही हैरान हैं। पुलिस ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा है कि हमला किसी दुश्मन ने नहीं बल्कि खुद सौरभ ने पारिवारिक विवाद के चलते रचा था। पूरा खेल ‘सहानुभूति’ पाने के लिए था। पुलिस ने इस मामले में अवैध हथियारों के साथ 3 हमलावरों और साजिश के मास्टरमाइंड इंदर नारंग को गिरफ्तार कर लिया है। सच्चाई सामने आने के बाद विधायक तिलक राज बेहड़ ने सार्वजनिक रूप से माफी माँगते हुए अपने बेटे से सभी संबंध खत्म करने की बात कही है। पुलिस ने बताया है कि 18 जनवरी 2026 की रात सौरभ बेहड़ ने अपने साथी इंदर नारंग के साथ मिलकर खुद पर फायरिंग की योजना बनाई थी। इसमें हमलावरों को चेहरा छुपाकर और बिना नंबर की बाइक से हमला करने को कहा गया था। इंदर अपनी कार से हमलावरों के पीछे चल रहा था ताकि उन्हें सुरक्षित भागने में मदद कर सके। विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने बेटे से सारे संबंध तोड़ने की बात करते हुए कहा है कि सौरभ का कृत्य माफी के योग्य नहीं है।