February 11, 2026
देश दुनिया

Red Fort के पास धमाका, 8 मारे गए, कई घायल

जिस कार में धमाका हुआ उसमें भी सवारियां थीं, आसपास की कई गाड़ियां भी खाक

दिल्ली के लालकिले के पास आज शाम दोहरे धमाकों से सनसनी फैल गई। अब तक 8 लोगों की मौत और 15 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है। जांच एजेंसियां आतंकी एंगल की भी पड़ताल कर रही हैं। सोमवार, 10 नवंबर 2025 की शाम लगभग 6:55 बजे, दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिले के पास स्थित लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक खड़ी कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ। कार में अचानक धमाका हुआ, जिससे आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ जलकर खाक हो गईं। अब तक इस हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि अपुष्ट खबरों में यह संख्या ज्यादा बताई गई है। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनआईए और एनएसजी की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अभी तक विस्फोट के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आतंकी साजिश से इनकार नहीं किया गया है। हरियाणा के फरीदाबाद से करीब 2,900 किलोग्राम विस्फोटक बरामद हुआ था, जिससे दिल्ली पर हमले की साजिश की आशंका और गहरी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति की जानकारी ली है और गृहमंत्री अमित शाह ने एनआईए, आईबी और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है। लालकिला न केवल एक ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय आयोजनों का केंद्र भी रहा है। ऐसे में इस स्थान पर धमाका होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।