PMO अब नए पते पर, प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन
इसी संकुल में बने कर्त्तव्य भवन 1 व 2 का भी लोकार्पण, पीएम का संबोधन भी
आज से प्रधानमंत्री कार्यालय का पता बदल गया है और अब सेवातीर्थ से प्रधानमंत्री कार्यालय ही नहीं राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय भी चलेंगे. प्रधानमंत्री ने इस हाईटेक ऑफिस और स्मार्ट ग्रिड वाले कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ का उद्घाटन किया और इसी के साथ पुराना प्रधानमंत्री कार्यालय अब इतिहास हो गया. सेवा तीर्थ के अलावा कर्तव्य भवन के दोनों हिस्सों का औपचारिक उद्घाटन भी आज ही है. कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 में वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय जैसे मंत्रालय रखे गए हैं.दशकों से कई प्रमुख सरकारी कार्यालय और मंत्रालय सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में काफी बड़े क्षेत्र में फैले थे और अंग्रेजों के समय की पुरानी इमारतों में लगते थे। समन्वय, रखरखाव की लागत और वर्क एन्वायरमेंट को देखते हुए तय किया गया कि सभी सुविधाओं वाले भवन एक ही परिसर में कर दिए जाएं तो काम तो आसान होगा ही साथ ही बाहर से आने वालों को भी आसानी होगी. दोनों भवन परिसरों में डिजिटली सेंट्रलाइज्ड ऑफिस हैं. इस परिसर के सभी ऑफिस फोर स्टार जीआरआईएचए मानकों से बने हैं जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और बेहतरीन डिजाइनिंग शामिल हैं. इनमें स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, निगरानी नेटवर्क और इमरजेंसी में रिएक्शन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं हैं.
