February 11, 2026
Film

Rajpal Yadav ने किया तिहाड़ में सरेंडर

चेक बाउंस के मामले में 2010 से चल रहा है मामला

अभिनेता राजपाल यादव ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया है. इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने सरेंडर करने के लिए और समय मांगने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी. अदालत ने राजपाल को भुगतान के वादे तोड़ने पर कड़ी टिप्पणी करते हुए उन्हें जेल भेजने का निर्देश दिया. राजपाल ने अदालत से कहा कि उन्हें 50 लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए एक हफ्ते का समय और चाहिए इस पर अदालत ने कहा कि पिछले कुछ समय में आप ऐसे वादे बीसियों बार तोड़ चुके हैं. कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा उनके पिछले आचरण को देखते हुए अब और नरमी देने का आधार नहीं बचता है. पहले राजपाल सरेंडर करें उसके बाद आगे का देखा जाएगा. मामला 2010 से शुरू हुआ था, जब राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए दिल्ली की कंपनी से 5 करोड़ रुपये लिए और करीब 8 करोड़ लौटाने थे. भुगतान के चेक बाउंस हो जाने पर कंपनी ने उन पर कानूनी कार्रवाई शुरू की. 2018 में उन्हें 6 महीने की कैद की सजा सुनाई थी. हाई कोर्ट ने उनकी सजा को यह मानकर निलंबित किया था कि वे शिकायतकर्ता से समझौता कर लेंगे लेकिन फिर भी भुगतान न होने पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया.