Khan Sir के ही गार्ड्स ने चलाई थी गोलियां, अब होगी गिरफ्तारी
खान सर के नाम से मशहूर फैजल खान ने विरोधियों को फंसाने के लिए घटना को गलत तरीके से पुलिस को बताया
कोचिंग से पहचान बनाने वाले पटना के खान सर की मुश्किलें बढ़ रही हैं और उनकी गिरफ्तारी की पूरी संभावना है. दरअसल पिछले दिनों खान सर ने दावा किया था कि उनकी कोचिंग पर पास ही में चलने वाले ज्ञानबिंदु के कर्ताधर्ताओं ने न सिर्फ तोड़फोड़ कराई बल्कि गोलीबारी भी की। खान सर के दावों के आधार पर पुलिस ने ज्ञानबिंदु के रोशन आनंद को गिरफ्तार भी कर लिया लेकिन बाद में घटना के फुटेज सामने आए तो पता चला कि गोलियां चलाने वाले गार्ड खान सर की कोचिंग के ही थे और जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि उन्होंने फायरिंग खान सर के आदेश पर ही की थी। सूत्रों का कहना है कि खान सर की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी DIU को सौंपी गई है. खान सर का असली नाम फैसल खान है. उन पर कोचिंग विवाद मामले में FIR दर्ज की गई है. अब खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है और गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी गई हैं. गोली चलाने वाले बॉडीगार्ड प्रदीप और तालेश्वर को गिरफ्तार किया जा चुका है. सवाल यह भी है कि क्या खान सर ने यह सब क्या अपने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान वालों को फंसाने के उद्देश्य से किया जिसमें वो पहले काफी हद तक सफल भी रहे। खान सर ने यह तो बार बार कहा कि ज्ञानबिंदु वालों की ओर से हमारे संस्थान पर तोड़फोड़ कराई और एक बार तो उन्होंने आठ दस राउंड गोलियां चलने का भी बयान दिया लेकिन एक बार भी यह नहीं बताया कि उनके गार्ड ने फायरिंग की थी. कदमकुआं थाने में फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करने के अलावा पुलिस को झूठी जानकारी देने के आरोप में भी मामला दर्ज हुआ है। पुलिस को यह भी पता चला है कि सबूत मिटाने के लिए पैलेट छिपाने के अलावा घटना के वीडियो डिलीट करवाने और उन्हें रिसाइकिल बिन से हटवाने में भी खान सर शामिल थे।
