November 14, 2026
Business Trends

Hormuz से निकलने वाले जहाजों की आवाजाही अब अमेरिकी सेना देखेगी-ट्रंप

होर्मुज पर अमेरिका का नया दांव–कहा ईरान को टोल देकर निकलने वालों पर लगाएंगे रोक
ईरान के साथ वार्ता विफल रहने के बाद ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिकी नौसेना यह देखेगी कि कोई जहाज ईरान को टोल टैक्स चुकाकर निकल न पाए। नाकाबंदी को लेकर ट्रंप का कहना है कि ईरानी बंदरगाहों से जुड़े होर्मुज सहित सभी समुद्री मार्गों पर अमेरिकी सेना निगरानी करेगी और बारुदी सुरंगे भी हटाएगी। हालांकि पहले अमेरिका ने इस पूरे जलमार्ग को बंद करने की बात कही थी। ट्रंप ईरान की वैश्विक व्यापार पर असर डाल सकने की क्षमता को खत्म करना चाहते हैं और यदि होर्मुज में ईरान टैक्स वसूलने लगता तो यह क्षमता खत्म होने के बजाए कई गुना बढ़ जाती। होर्मुज से दुनिया का 20 फीसदी तेल गुजरता है। इस जलमार्ग से जहां पहले सौ के करीब जहाज गुजरते थे वहीं इतने दिनों के संघर्ष विराम के बीच सिर्फ 40 के करीब वाणिज्यिक जहाज निकले हैं। अमेरिका ने जो आज घोषणा की है उसके चलते तेल की कीमतों में तेजी आ गई है। अमेरिकी क्रूड के दाम 8 प्रतिशत और ब्रेंट क्रूड 7 प्रतिशत बढ़ गए हैं जो युद्ध से पहले 70 डॉलर के आसपास चल रहा था। ट्रंप ने ईरान से बात टूटने का सबसे अहम मुद्दा परमाणु कार्यक्रम पर सहमति न बन सकने को बताया है। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने बताया है कि अब तुरंत प्रभाव से अमेरिकी नौसेना होर्मुज से आ जा रहे हर जहाज की नाकाबंदी करेगी।