March 27, 2026
Business Trends

Dollar पर भी अब ट्रंप ही छाए रहेंगे, 165 साल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे

ट्रेजरी सेक्रेटरी के ही हस्ताक्षर होते थे अब तक लेकिन अब ट्रंप का नाम भी चमकेगा डॉलर पर

अमेरिकी डॉलर में बड़े बदलाव की आहट है। अब राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर अमेरिकी डॉलर पर नजर आएंगे। 1861 में डॉलर बिल पास हुआ था और तब से आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ था कि डॉलर पर मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हों। अमेरिकी ट्रेजरी के फैसले के अनुसार अमेरिकी आजादी की 250वीं सालगिरह पर यह तय किया गया है। ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने सोशल मीडिया पर बताया कि अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर के साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप के हस्ताक्षर भी डॉलर पर दिखेंगे। बीच ने कहा इतिहास में राष्ट्रपति बतौर ट्रंप की पहचान अमेरिकी ‘स्वर्ण युग’ लाने वाले की है। इससे पहले इसी महीने कला आयोग ने 24 कैरेट सोने के खास सिक्के को मंजूरी दी थी जिस पर ट्रंप की तस्वीर है। ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने बताया कि ट्रंप के नेतृत्व में डॉलर का दुनिया पर दबदबा बढ़ा है और हम वित्तीय मजबूती के रास्ते पर हैं, ऐसे में ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से अमेरिकी डॉलर पर उनके नाम को रखने का निर्णय लिया गया।